इटारसी। पहाड़ों पर बारिश से तवा बांध के जल स्तर में हुई बढ़ोतरी के बाद बांध के तीन गेटों को दो-दो फीट खोलकर 10770 क्यूसेक पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है।
तवा परियोजना संभाग, इटारसी द्वारा जार सूचना के अनुसार, तवा बांध के 3 जलद्वार (गेट) आज 05 अक्टूबर 2025 को रात 10 बजे से खोले गये हैं। बांध का वर्तमान जल स्तर 1166.40 फीट है। जल संग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा के कारण बांध में पानी की आवक (इनफ्लो) को देखते हुए, जलस्तर को स्थिर रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
तवा और नर्मदा किनारे के गांव सतर्क रहें
कार्यपालन यंत्री, तवा परियोजना संभाग, इटारसी द्वारा जारी सूचना में बताया है कि यह अतिरिक्त जल तवा नदी में छोड़ा जा रहा है। इसलिए, तवा एवं नर्मदा नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने और नदी किनारे बिल्कुल न जाने हेतु सलाह दी गई है। सभी ग्रामीण तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।









