इटारसी। तवा बांध का जलस्तर अपने पूर्ण स्तर पर पहुंचने के बाद, आज रात 8 बजे से बांध के तीन जलद्वारों को खोल दिया जाएगा। तवा परियोजना संभाग के कार्यपालन यंत्री के अनुसार, बांध का वर्तमान जलस्तर 1166.00 फीट हो गया है।
जल संग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और पानी की आवक को देखते हुए, जलस्तर को स्थिर बनाए रखने के लिए तवा बांध से प्रत्येक गेट को 5.00 फीट तक खोलकर कुल 26,034 क्यूसेक अतिरिक्त पानी तवा नदी में छोडऩे का निर्णय लिया है।
इस आपातकालीन स्थिति को देखते हुए, प्रशासन ने तवा और नर्मदा नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए सभी से नदी किनारे जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।









