इटारसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुस्कान संस्था के सहयोग से एक भव्य नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 31 कर्मठ महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, नपा अधिकारी रितु मेहरा और उप संचालक आशा मौर्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि पीयूष शर्मा ने कहा कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है। वहीं, मुस्कान संस्था की ओर से अंशिका रुद्रांश सिंह ने महिला सशक्तिकरण के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता दोहराई।
परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला ने बताया कि 6 मार्च से जारी जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन इस सम्मान समारोह के साथ हुआ।कार्यक्रम का संचालन अनुष्का शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सुपरवाइजर अर्चना बस्तवार, हिना खान, रेखा चौरे, संस्था अधीक्षक ऋतु राजपूत और अर्चना मालवीय की प्रमुख भूमिका रही।









