इटारसी। भोपाल मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे ने त्योहारों के मौसम और अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए, यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन से होकर गुजरने वाली चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और यात्रियों की यात्रा मांग को पूरा किया जा सके।
बरौनी-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल
बरौनी से बांद्रा टर्मिनस के लिए दो सिंगल-ट्रिप स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। गाड़ी संख्या 05265 बरौनी से 11 नवंबर 2025 को और गाड़ी संख्या 05267 12 नवंबर 2025 को दोपहर 12:00 बजे प्रस्थान करेगी। ये ट्रेनें अगले दिन सुबह 09:05 बजे इटारसी पहुंचकर बांद्रा टर्मिनस के लिए आगे बढ़ेंगी। ये स्पेशल ट्रेनें इटारसी के अलावा जबलपुर, कटनी, सतना और खंडवा स्टेशनों पर भी रुकेंगी।
बरौनी-एरणाकुलम जंक्शन स्पेशल
यात्रियों की मांग को देखते हुए, बरौनी से एरणाकुलम जंक्शन के लिए दो ट्रिप स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 05263) चलाई जा रही है। यह ट्रेन 11 नवंबर और 12 नवंबर 2025 को रात 22:30 बजे बरौनी से प्रस्थान करेगी। यह स्पेशल ट्रेन अगले दिन दोपहर 14:20 बजे इटारसी पहुंचेगी और नागपुर, बल्लारशाह, विजयवाड़ा होते हुए चौथे दिन सुबह एरणाकुलम जंक्शन पहुँचेगी।
मुजफ़्फ़ऱपुर-सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल, बेंगलुरु स्पेशल
मुजफ्फरपुर से बेंगलुरु के लिए दो ट्रिप स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 05545) का संचालन भी किया जा रहा है। यह ट्रेन 11 नवंबर और 12 नवंबर 2025 को रात 21:15 बजे मुजफ़्फ़ऱपुर जंक्शन से रवाना होगी। यह अगले दिन दोपहर 14:15 बजे इटारसी पहुंचेगी और नागपुर, बल्लारशाह, विजयवाड़ा होते हुए तीसरे दिन देर रात बेंगलुरु पहुंचेगी।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन अतिरिक्त यात्री भार को क्लीयर करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यात्रियों से आग्रह है कि वे ट्रेनों के ठहराव और विस्तृत जानकारी के लिए रेल मदद 139 या ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करें।





