- विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा कल करेंगे भूमिपूजन
इटारसी। नगर के समरसता नगर (ओझा बस्ती) में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। न्यास कॉलोनी स्थित इस बस्ती में बने 50 आवासों की पुरानी और जर्जर हो चुकी टीन की छतों के स्थान पर अब आधुनिक आरसीसी पक्की छतों का निर्माण कराया जाएगा। इस विकास कार्य का भूमिपूजन शनिवार, 14 मार्च को विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के मुख्य आतिथ्य में होगा।
45 लाख की विशेष निधि से होगा कायाकल्प
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि समरसता नगर के इन आवासों की छतें अत्यंत दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी थीं, जिससे बारिश और अन्य मौसमों में रहवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इन परिवारों की समस्या को देखते हुए 45 लाख रुपए की विशेष निधि स्वीकृत की गई है, जिससे इन आवासों पर नई और मजबूत पक्की छतें डाली जाएंगी।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा आयोजित यह भूमिपूजन कार्यक्रम 14 मार्च को प्रात: 10 बजे न्यास कॉलोनी, समरसता नगर में आयोजित किया है। नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने क्षेत्र के नागरिकों और गणमान्य जनों से अपील की है कि वे इस पुनीत अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।








