इटारसी। मालवीयगंज की गणेशनगर में एक महिला पटवारी (Mahila patwari) ने अपनी एक साल की बच्ची को लेकर प्लास्टिक की पानी की टंकी में डूबकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस ने मौका निरीक्षण कर पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। बताया जाता है कि महिला के पति की दो माह पहले कोरोना से मृत्यु हो चुकी है। तभी से महिला डिप्रेशन में रह रही थी। महिला समीप के गांव धुरपन में पदस्थ थी और अभी बच्चे की देखरेख के लिए अवकाश पर थी।
पुलिस से जानकारी के मुताबिक रजनी पति प्रवीण पंथी 42 वर्ष गणेशनगर कालोनी मालवीयगंज में रहती थी। उसकी 1 साल की बेटी अर्पूवा भी साथ थी। घर में महिला और उनका एक 12 साल का बेटा और बेटी ही रहते थे। पड़ोस में देवर-देवरानी रहते है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे बेटा ट्यूशन जाने के लिए उठा। घर में मां नहीं दिखाई तो उसने पड़ोस में रहने वाली अपनी चाची श्वेता को बताया। जिसके बाद परिजनों ने महिला को ढूंढना शुरू किया। घर की छत की टंकी के अंदर महिला का शव दिखा। उनकी गोद में बच्ची का शव भी था। जिसके बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव टंकी से निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट आदि कुछ नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया तनाव में आकर आत्महत्या की बात सामने आ रही। मामला संदिग्ध है। पुलिस जांच के बाद ही तय होगा कि महिला ने आत्महत्या है या हादसा।








