इटारसी। तवा बांध (Tawa Dam) में जलभराव क्षमता का 56 फीसद पानी आ चुका है। तवा की पूर्ण जलभराव क्षमता 1166 फुट है। आज यानी मंगलवार की शाम को 6 बजे तवा बांध का जलस्तर 1150.90 फुट था। सुबह छह बजे यह 1150.60 फुट था। यानी बारह घंटे में केवल तीन इंच पानी की बढ़ोतरी हुई है। दरअसल, पहाड़ों पर और बैतूल क्षेत्र के अलावा तवा के कैचमेंट एरिया (catchment area) में भी वर्षा का जोर कुछ कम हुआ है, इसलिए तवा में पानी आने की रफ्तार मंद पड़ गयी है।
तवा बांध में पिछले वर्ष 2 अगस्त तक 1129.60 फुट पानी था, जबकि इस वर्ष आज जलभराव 1150.90 फुट हो चुका है। यानी यह 21 फुट ज्यादा भर चुका है। बांध प्रबंधन के अनुसार बांध इसकी क्षमता का 56 प्रतिशत भर चुका है। हालांकि अब भी यह गवर्निंग लेबल से लगभग दस फुट दूर है।
गौरतलब है कि 15 अगस्त तक बांध में 1160 फुट पानी चाहिए है। यानी आगामी पंद्रह दिन में बांध में करीब दस फुट पानी और चाहिए। आज सुबह 6 बजे 1150.60 फुट और 10 बजे बांध का जलस्तर 1150.80 फुट था और शाम 6 बजे यह 1150.90 फुट हो गया। यानी पूर्ण क्षमता से करीब 15 फुट और अगस्त के गवर्निंग लेबल 1160 फुट से करीब 9 फुट दूर है। यदि बारिश होती रही तो जल्द ही गवर्निंग लेबल मिल जाएगा।
ये है गवर्निंग लेबल
31 जुलाई – 1158.00 फुट
15 अगस्त – 1160.00
31 अगस्त – 1163.00
15 सितंबर – 1165.00
30 सितंबर – 1166.00
ऐसे खुल सकते हैं गेट
यदि निर्धारित तिथि से पहले बांध में गवर्निंग लेबल से अधिक पानी आ जाए और बारिश भी लगातार होती रहे तो बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा सकता है। यदि निर्धारित तिथि तक गवर्निंग लेबल से कुछ अधिक पानी आ जाए और बारिश होने की संभावना नहीं लगे तो पानी निकालने की संभावना कम हो जाती है। यह वर्षा की स्थिति पर निर्भर करता है कि पानी छोड़ा जाए या नहीं। क्योंकि बांध में 1166 फुट पानी होगा तो ही फसलों के लिए पर्याप्त पानी देना संभव हो सकता है, क्योंकि होशंगाबाद और हरदा जिले में मूंग की तीसरी फसल के लिए पानी की पर्याप्त मात्रा होना जरूरी है।
बारिश पिछले चौबीस घंटे
जिले में पिछले 24 घंटे में 6.4 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज हुई है। जिले में अभी तक अर्थात 1 जून से 3 अगस्त को प्रात: 8 बजे तक 573.7 मि.मी. औसत वर्षा हुई है जबकि इसी अवधि में गत वर्ष मात्र 372.7 मिमी वर्षा हुई थी। अधीक्षक भू अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से 3 अगस्त तक तहसील होशंगाबाद में 493.1 मि.मी., सिवनीमालवा में 458.0, इटारसी में 506.4, बाबई में 317, सोहागपुर में 602.0, पिपरिया में 576.0, बनखेड़ी में 600.2, डोलरिया में 552.2 एवं पचमढ़ी में 1058.0 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। जिले के सामान्य औसत वर्षा 1370.5 मि.मी. है।
ऐसे रहेंगे अगले चौबीस घंटे
अगले चौबीस घंटे में होशंगाबाद जिला यलो अलर्ट पर रहेगा। यहां कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां 64.5 मिमी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा जिले में अधिकांश स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है।










