इटारसी। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बंसल की शिकायत पर नेशनल हाईवे पर स्थित मां मुस्कान ढाबा संचालकों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। आज दोपहर एसडीएम एमएस रघुवंशी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में ढाबा पर बड़ी मात्रा में गड़बड़ी मिली थी।
श्रीमती बंसल ने पुलिस थाने में एक आवेदन देकर बताया कि ढाबा पर अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर दशाओं में खाद्य पदार्थों का विनिर्माण करना पाया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आवेदन में ढाबा संचालक सूरज यादव पुत्र गजाधर यादव 26 वर्ष और गजाधर यादव पुत्र अमरचंद यादव निवासी, साईंकृष्णा रिसोर्ट के पास खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने आवेदन पर दोनों पिता-पुत्र के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
गंदगी में बन रहा था खाना
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती बंसल ने बताया कि जब टीम ढाबा पर पहुंची तो वहां अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर दशाओं में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं संग्रहण किया जा रहा था। खाद्य पदार्थों पर मक्खियां भिनभिना रही थीं और एक ही फ्रिज में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ रखा था। जो कर्मचारी खाद्य पदार्थ बना रहे थे, वे भी पान-गुटखा खाते हुए काम कर रहे थे। दीवारों पर मकड़ी के जाले लगे हुए थे। जिन बर्तनों में खाद्य पदार्थ रखे थे वे भी काफी गंदे थे। किचिन का फर्श भी काफी गंदा था। वरिष्ठ अधिकारियांे द्वारा दिये गये निर्देश व लोकहित में आवेदन देकर दोनों संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने का निवेदन किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
खबर अपडेट : मुस्कान ढाबा के खाने पर भिनभिना रहीं थीं मक्खियां

For Feedback - info[@]narmadanchal.com







