इटारसी। नगर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धाभाव एवं धूमधाम से मनाया गया। पिछले दो दिनों से बाजार में उल्लास एवं उमंग का माहौल था। आज सुबह से ही शहर के सभी कृष्ण मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देवल मंदिर पुरानी इटारसी, श्री द्वारकाधीश मंदिर, रामजानकी मंदिर, दुर्गा चौक मंदिर, राधाकृष्ण मार्केट समेत सभी प्रमुख मंदिरों में कृष्ण जन्मोत्सव पर मनोहारी साज-सज्जा कर झांकी सजाई गई थी। सुबह सभी मंदिरों में वेदमंत्रों के साथ भगवान कृष्ण का पंचामृत अभिषेक, स्नान एवं आरती की गई। शाम होते ही मंदिर जगमगाती रोशनी से दमक उठे।
महिलाओं ने अपने छोटे बच्चों को भगवान श्री कृष्ण के रूप में सजाकर मंदिरों में पहुंचाया। उल्लास उमंग और भक्ति का माहौल चरम पर रहा। रात 12 बजते ही सभी मंदिरों में शंख, घंटे और ढोल ढमाकों की धुन पर कन्हैया के जन्म की खुशियां मनायी जाएगी। मंदिरों में हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयघोष गूंजेंगे, पंचामृत, पंजीरी, ककड़ी का प्रसाद वितरित होगा, खिलौनों के साथ माखन मिश्री का प्रसाद लुटाया जाएया। बच्चों में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया। मुख्य आयोजन द्वारकाधीश मंदिर में होगा। जहां गुजरात के कसौटी पत्थर से निर्मित द्वारकाधीश जी की प्राचीन प्रतिमा का मनोहारी श्रृंगार किया गया है। जन्माष्टमी को लेकर सुबह से बाजार में भारी भीड़भाड़ रही। फल, फलाहार, वस्त्र, झूले समेत अन्य वस्तुओं की जमकर खरीद की गई।









