प्रशासन के साथ पुलिस बिना मास्क वालों पर कार्रवाई करे
इटारसी। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच आज पं.भवानी प्रसाद मिश्र आडिटोरियम में आज शाम हुई क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप (Crisis Management Group) की बैठक में विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा (MLA Dr. Sitasaran Sharma) ने कहा है कि जनता को स्वयं जागरूक होना चाहिए। जैसी रिपोर्ट्स मिल रही हैं, उसके अनुसार इन दिनों बड़ी संख्या में बच्चों में वायरल फीवर और निमोनिया के लक्षण देखने को मिल रहे हैं। यह स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ये हमारे समाज की त्रासदी है कि उपचार के लिए डॉक्टर लगते हैं और बीमारी को रोकने के लिए प्रशासन। उन्होंने टीआई आरएस चौहान से कहा कि अब प्रशासन के साथ मिलकर पुलिस सख्ती से मास्क लगवाए। उन्होंने गणेश उत्सव (Ganesh Utsav) पर प्रशासन से कहा है कि पंडाल छोटा ही लगवाएं और सड़क न रुकने दें। हम सबका दायित्व है कि हम इस बीमारी से सबको बचाएं।
क्राइसेस मैनेजमेंट की बैठक में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा (MLA Dr. Sitasaran Sharma), एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी (SDM Madan Singh Raghuvanshi), एसडीओपी महेंद्र मालवीय (SDOP Mahendra Malviya), सीएमओ हेमेश्वरी पटले (CMO Hemeshwari Patel), तहसीलदार पूनम साहू (Tehsildar Poonam Sahu), डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश चौधरी, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आर दयाल (Chairman Dr. R. Dayal), शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.रविन्द्र गुप्ता, वन विभाग से एडी धीरेन्द्र सिंह चौहान, नायब तहसीलदार विनयप्रकाश ठाकुर, गणमान्य नागरिकों में डीआरयूसीसी के सदस्य दीपक हरिनारायण अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष जोगिन्दर सिंह, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष जय किशोर चौधरी (District President Jai Kishore Choudhary), एमजीएम कालेज के प्राचार्य डॉ.प्रमोद पगारे सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
मप्र विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र से आने वाली गाड़ियों की टीकाकरण के लिए चेकिंग हो इसके लिए जिला की बैठक में चर्चा करेंगे। डॉ. रविन्द्र गुप्ता ने कहा कि बच्चों में नया तरह का वायरल फीवर हो रहा है। पिछले वर्ष की अपेक्षा यह बहुत ज्यादा है। इस पर स्टडी भी हो रही है। लेकिन अभी इसमें कोरोना के वायरस और स्वाइन फ्लू के वायरस नहीं मिले हैं। लेकिन हालात यह है कि अभी बच्चों के अस्पतालों ने बेड कम पड़ रहे हैं। हमें हाथ धोने, मास्क लगाने पर ध्यान देना है। डॉ. आर दयाल ने कहा कि अभी बच्चों में वायरल के केस बहुत बढ़ रहे हैं। हालांकि ये कोरोना नहीं है। लेकिन कोरोना भी देश में बढ़ रहा है, इसलिए सावधानी बरतनी होगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र से आने जाने वालों के टीकाकरण के प्रमाण पत्र देखे जाएं। इसके अलावा कहा कि सेकेंड डोज के बाद ही अच्छी इम्युनिटी बढ़ेगी, इसलिए फर्स्ट डोज के बाद सेकेंड जरूर लगवाएं। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने कहा कि वार्डों में मच्छरों की समस्या है, इसलिए दवा का छिड़काव किया जाए।
टीआई ने दी सुरक्षा की जानकारी
टीआई रामस्नेही चौहान (TI Ramsnehi Chauhan) ने कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था की हमारी पूरी तैयारी है। हमने गणेश उत्सव और विसर्जन के लिए जो शासन के निर्देश थे, उसके पालन के निर्देश समितियों को दे दिए हैं। विसर्जन में सिर्फ 10 लोग ही शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अब तक प्रशासन के पास गणेश उत्सव समितियों के अनुमति संबंधी कोई आवेदन नहीं आये है। उन्होंने स्वयं पिछले वर्ष के आधार पर कुछ समितियों से बातचीत की है तो वे अभी असमंजस की स्थिति में हैं कि वे स्थापना करेंगे या नहीं। एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी (SDM Madan Singh Raghuvanshi) ने क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक के विषय में प्रशासन के निर्देश की जानकारी दी और कार्यक्रम का संचालन किया, आभार प्रदर्शन सीएमओ हेमेश्वरी पटले ने किया।








