इटारसी। इटारसी में 11 हजार आदिवासी एक दिन के मेहमान होंगे। यहां उनकी खासी आवभगत की जानी है। इनमें 6 हजार आदिवासी केसला ब्लाक (Adivasi Kesla Block) के होंगे तो 5 हजार बैतूल जिले के। ये सभी 14 नवंबर को इटारसी पहुंच जाएंगे। यहां 17 केन्द्रों पर इनके रुकने का इंतजाम किया है। इनकी सेवा में कमी न रहे, इसके लिए प्रशासन रात-दिन जुटा हुआ है।
इटारसी आने वाले 11 हजार आदिवासी 15 नवंबर को भोपाल में भगवान बरसा मुंडा जयंती (Lord Barsa Munda Jayanti) के कार्यक्रम में जा रहे हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) संबोधित करने वाले हैं। प्रशासन इनकी मेजबानी करेगा। आज भी सारा दिन प्रशासन की बड़ी टीम इंतजाम में जुटी रही। इनको नाश्ता, खाना, ठहरने का बंदोस्त किया जा रहा है। खुद एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी (SDM Madan Singh Raghuvanshi) हर व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। वे इनको मिलने वाले नाश्ते और खाने को स्वयं चखकर देखेंगे।

पौने तीन सौ बसों से जाएंगे
प्रशासन ने आरटीओ के माध्यम से पौने तीन सौ बसों की व्यवस्था की है। केसला ब्लाक के आदिवासियों को ले जाने के लिए 150 बसें और बैतूल जिले से 125 बसों में आदिवासी इटारसी पहुंच रहे हैं। इनके शहर में पॉलिटेक्निक कॉलेज, मैरिज गार्डन, छात्रावास, स्कूलों में ठहराया जा रहा है, जहां बिस्तर, लाइट, पेयजल और अन्य सुविधाएं जुटाई गयी हैं। बड़ी प्रशासनिक टीम इंतजामों में लगी है। बैतूल से भी आज दो सदस्यीय अधिकारियों की टीम इटारसी आयी और यहां का इंतजाम देखा।

इन व्यवस्था में लगी है टीम
जिले के अधिकारियों की टीम आदिवासियों को दी जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं में लगी है। भोजन व्यवस्था, आवास व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा व्यवस्था, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण की व्यवस्था, सहभागियों की समय पर रवानगी, विद्युत व्यवस्था के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये हैं।







