इटारसी। यदि आप ऑनलाइन खरीदी (Online Shoping) करते हैं तो सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि ऑनलाइन खरीदी आपका खाता ही खाली कर दे। ऐसी धोखाधड़ी इटारसी की राठी कालोनी निवासी एक महिला के साथ हुई है। महिला ने ऑनलाइन सामान मंगाया था जो पसंद नहीं आने पर वापस कर दिया। महिला के खाते में रुपए तो नहीं आये बल्कि कस्टमर केयर पर फोन लगाने पर महिला के खाते से 3 लाख, 81 हजार 999 रुपए निकाल लिए गये। मिली जानकारी के अनुसार राठी कालोनी निवासी महिला दुर्गा पति नर्मदा प्रसाद साहू 32 वर्ष ने ऑनलाइन एक सामान 899 रुपए में मंगाया था। यह सामान उसे पसंद नहीं आया तो उसने उसे वापस कर दिया। वापसी के बाद ज्यादा दिन होने के बावजूद जब उसके खाते में पैसे नहीं आये तो उसने ऑनलाइन कंपनी के कस्टमर केयर (Customer Care) पर बात की। वहां से जवाब मिला कि आपका खाता भारतीय स्टेट बैंक (Account state bank of india) में है, वहां के कस्टमर केयर पर संपर्क करें, हमने यहां से पैसे भेज दिये हैं। महिला ने जब इंटरनेट के माध्यम से एसबीआई का कस्टमर केयर नंबर तलाशा तो उसे जो नंबर मिला वह फ्रॉड था। फोन उठाने वाले ने महिला को एक लिंक भेजा गया और उसे खोलने को कहा, फिर ओटीपी मांगा तो महिला ने ओटीपी भी भेज दिया। इसके बाद महिला के खाते से 3 लाख 81 हजार 999 रुपए निकाल लिये गये। अपने साथ हुई इस ठगी की शिकायत महिला ने इटारसी पुलिस थाने में की है। पुलिस ने धोखाधड़ी सहित आईटी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।







