– एम्बेसडर सारिका ने फूंका पंचायत चुनाव (Panchayat elections) का बिगुल
– ईवीएम का बटन दबाने मिलेंगे हाथों के दस्ताने
होशंगाबाद। पंचायत चुनाव की घड़ी आ गई है। सोमवार से नामांकन पत्र की प्रक्रिया आरंभ होकर नये साल में 6 जनवरी, 28 जनवरी एवं 16 फरवरी को तीन चरणों में वोटिंग होने जा रही है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुये आप अपनी ग्राम सरकार सुरक्षा के साथ किस प्रकार बनायें इस बारे में जागरूकता के लिये मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू को आयोग का राज्य स्तरीय ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है।
सारिका ने बताया कि उन्होंने चुनाव की घोषणा होने के बाद अपने अपने राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत होशंगाबाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से की है। वे होशंगाबाद जिले में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह (Collector Neeraj Kumar Singh) तथा जिला पंचायत के सीईओ मनोज सरियाम (CEO Manoj Sariam) के मार्गदर्शन में जागरूकता गतिविधियां कर रही हैं। सारिका ने बताया कि इस बार जिला तथा जनपद पंचायत सदस्य के लिये नामांकन ऑफलाईन के साथ-साथ ऑनलाईन भी किया जा सकेंगे। चुनाव के दौरान मतदाताओं को कोविड से सुरक्षा के लिये ग्लब्स भी दिये जायेंगे। मतदान केंंद्र पर हाथ धोने के लिये साबुन, पानी तथा सेनेटाईजर की व्यवस्था भी रहेगी। राज्य स्तरीय ब्रांड एम्बेसडर सारिका ने सभी नवीन मतदाताओं के साथ बुजुर्गों, दिव्यांगों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।









