इटारसी। शहर के सोनासांवरी नाका क्षेत्र के जाटव मोहल्ला में स्थित शिव मंदिर (Shiva Temple) में एक महिला और उसके पति द्वारा टाइल्स तोडऩे और पेड़ उखाडऩे के खिलाफ क्षेत्र के महिला-पुरुष और बच्चे आज शाम पुलिस थाने पहुंचे और आवेदन दिया। आवेदन में यह भी आरोप हैं इस दंपति ने यहां रहने वाले परिवारों को जाति सूचक शब्द कहकर गाली गलौज भी की और मंदिर को तोडऩे की धमकी दी।
करीब 2 दर्जन महिला पुरुषों ने मंगलवार की शाम करीब 5 बजे सिटी थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर घटना की शिकायत की है। बता दें कि सोनासांवरी नाका क्षेत्र में जाटव मोहल्ला में वर्षों पुराना शिव मंदिर (Shiv Temple) स्थित है, जहां सावन के महीने में प्रतिदिन आसपास रहने वाले परिवार पूजन अर्चन करते हैं।
आज मंगलवार की दोपहर करीब 3 बजे मंदिर के पास में रहने वाली महिला कल्पना और उसके पति ने अचानक मंदिर में लगी टाइल्स को तोड़ दिया। उसने महिला पुरुषों को मंदिर में पूजन अर्चन नहीं करने और मंदिर को तोडऩे की धमकी दी है। इस घटना से आसपास के क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। मोहल्ले के लोगों के साथ में शाम करीब 5 बजे सिटी थाने पहुंचे मोहल्लेवासियों ने राजेंद्र गोस्वामी के नेतृत्व में सिटी थाने के अधिकारियों को आवेदन देकर महिला को गिरफ्तार करने की मांग की है। कोई कार्यवाही न होने पर इस मामले को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक (Collector and Superintendent of Police) को शिकायत करने की बात भी कही गई है।









