इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों का सम्मान करेगी। सम्मान समारोह के लिए नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौरे की उपस्थिति में आयोजन को अंतिम रूप दिया। बैठक में शिक्षक दिवस पर इटारसी क्षेत्र की सरकारी शालाओं के शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान का निर्णय लिया है। शिक्षक कल्याण संगठन के सुरेश कुमार चिमानिया, सत्येंद्र तिवारी, राजेंद्र दुबे, भुवनेश्वर दुबे, राजकुमार दुबे, रामचरण नामदेव, सुषमा शर्मा, संगीता शर्मा ने हर्ष व्यक्त किया है।
शिक्षक कल्याण संगठन के संयोजक राजकुमार दुबे ने बताया कि शिक्षक दिवस के सम्मान कार्यक्रम आयोजन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे की उपस्थिति एवं अभिषेक तिवारी के संचालन में हुई थी जिसमें सरकारी शालाओं एवं महाविद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस पर सम्मानित करने का निर्णय लिया था।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष चौरे ने कहा कि विधायक डॉ सीतासरन शर्मा की इच्छा है कि नगरपालिका शिक्षक सम्मान की परंपरा को जारी रखे। बैठक में लिये निर्णय के तहत इटारसी परिक्षेत्र के शासकीय बालक पीपल मोहल्ला, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजगंज, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुरानी इटारसी, मेहरागांव, रामपुर संकुल केन्द्रों के अंतर्गत आने वाली सरकारी शालाओं एवं एमजीएम व कन्या महाविद्यालयों के लगभग 300 शिक्षक शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। नगर पालिका परिषद द्वारा शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान कार्यक्रम छठवी बार आयोजित किया जा रहा है।










