नर्मदापुरम। जिला सहकारी बैंक की शिवपुर शाखा में किसान परिवार के साथ 40 लाख का गबन करने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। इन सभी पर बैंक के खातों में हेराफेरी करके 40 लाख का गबन करने का आरोप है।
पुलिस ने प्रभारी शाखा प्रबंधक संतोष कुमार पिता नवलकिशोर दीक्षित जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित होशंगाबाद शाखा शिवपुर की शिकायत पर सुरेन्द्र रघुवंशी, उमाशंकर रघुवंशी, प्रेमनारायण तिवारी, बदामीलाल मालवीय और विनीता मालवीय के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शिवपुर शाखा में हुए घोटाले के मामले में कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक नीरज कुमार सिंह के निर्देश पर प्रभारी शाखा प्रबंधक सुरेन्द्र रघुवंशी, लिपिक/केशियर उमाशंकर रघुवंशी, प्रभारी पर्यवेक्षक प्रेमनारायण तिवारी, लिपिक बदामी लाल मालवीय एवं लिपिक/कम्प्यूटर आपरेटर विनीता मालवीय पर शिवपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बैंक की शिवपुर ब्रांच में पदस्थ बैंककर्मियों द्वारा महिला किसान और उसके परिवार के लोगों के खाते से लगभग 40 लाख रुपए गबन करने का मामला आया है। बैंक मैनेजर सहित अन्य कर्मचारियों ने किसान परिवार के खाते से पैसे निकालकर अलग-अलग लोगों के खातों में डाले, फिर स्वयं उनसे वापस लिये थे। जब कलेक्टर ने इस पूरे मामले को स्वयं संज्ञान में लिया तब बुधवार देर शाम 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बता दें कि महिला किसान और उसके परिवार के लोगों की कमाई का पैसा बैंक में जमा था। कुछ दिन पहले जब पैसा लेने महिला किसान बैंक गई, तब उन्हें पता चला कि उनके खाते में पैसे ही नहीं हैं। इसकी शिकायत उन्होंने तत्काल बैंक प्रशासक एवं कलेक्टर नीरज सिंह से की। कलेक्टर सिंह ने पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए बैंक के महाप्रबंधक को जांच के निर्देश दिये। इस पूरे मामले की जांच की गई थी जिसमें राशि का गबन होना पाया गया था। जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिवपुर ब्रांच के प्रभारी शाखा प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में लगभग 1 सप्ताह पहले बैंक प्रबंधन ने मामले में दोषी पांचों लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिये शिवपुर थाना प्रभारी को जांच प्रतिवेदन एवं आवेदन दिया था।






