हड़ताल खत्म, कल से काम पर लौटेंगे सफाई कर्मचारी

Post by: Rohit Nage

इटारसी। नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गयी है और कल शुक्रवार से सफाई कर्मचारी पुन: काम पर लौट आएंगे। आज शाम विश्राम गृह में विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा की मौजूदगी में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और सफाई कर्मचारियों के नेता सुरेश करिया, स्वास्थ्य विभाग के सभापति राकेश जाधव, सभापति मनजीत कलोसिया के साथ हुई चर्चा और आश्वासन के बाद सुरेश करिया ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की।

बातचीत के दौरान सफाई कर्मचारियों की ओर से दिये गये आठ सूत्री मांगपत्र पर चर्चा करके अधिकांश मांगों पर सहमति जतायी और कुछ विषयों पर एक सप्ताह में निराकरण करने और जो राज्य शासन स्तर के हैं, उन्हें राज्य शासन को अनुशंसा सहित भेजने का आश्वासन दिया गया। बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी कि हड़ताल खत्म की जाए। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने समस्या का शांतिपूर्ण समाधान के लिए सफाई कर्मचारियों के नेता सुरेश करिया, नपाध्यक्ष पंकज चौरे, सभापति राकेश जाधव, मनजीत कलोसिया, शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव, जिला महामंत्री राहुल यादव, नगर अध्यक्ष सुनीता साहू, सगीर खान, राजेन्द्र मालवीय और अन्य सफाई कर्मचारियों को धन्यवाद दिया है।

बैठक के दौरान एक बात चर्चा में आयी थी कि सफाई कर्मचारी दोपहर के बाद काम पर नहीं आते हैं। इस पर तय किया कि सभापति राकेश जाधव, सुरेश करिया सफाई कर्मचारियों के साथ बैठकर इस मुद्दे पर तय करेंगे कि दोपहर में भी कर्मचारी काम पर आएं ताकि शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!