सोनासांवरी रेलवे फाटक पांच दिन बंद रहेगा
इटारसी। रेलवे ने सोनांसावरी रेलवे चौकी का गेट पांच दिन के लिए बंद कर दिया है। रेलवे गेट बंद होने से करीब एक दर्जन गांव और शहर के हजारों लोग पांच दिन परेशान रहेंगे और उन्हें होशंगाबाद, औद्योगिक क्षेत्र, कृषि उपज मंडी, एनएच पर बने वेयर हाउस जाने के लिए ओवर ब्रिज होकर करीब पांच से छह किलोमीटर का लंबा फेर लगाना पड़ेगा। रेलवे के अनुसार गेट पर कुछ मरम्मत कार्य होना है, अत: इसे पांच दिन के लिए आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है।
रेलवे ने बताया इसलिए बंद रहेगा
भोपाल रेल मंडल के पीआरओ के अनुसार मंडल के इटारसी-पोवारखेड़ा स्टेशनों के मध्य किलोमीटर संख्या-747/24-26 पर स्थित सोनासांवरी रेलवे क्रासिंग गेट नंबर 226 मरम्मत (अनुरक्षण) कार्य हेतु 17 से 21 जनवरी तक प्रात: 9 बजे से शाम 6 बजे तक सड़क वाहन यातायात के लिये पूर्णत: बंद रहेगा। रेलवे ने यहां से आवागमन करने वाले वाहन चालकों से कहा है कि वे क्रॉसिंग गेट बंद किये जाने के कारण सड़क वाहन के आवागमन हेतु वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पीआरओ के अनुसार इस संबंध में पुलिस अधीक्षक(यातायात) को सड़क यातायात सुगम बनाये रखने हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करने की सूचना दे दी गई है।
ग्राम और शहर का यातायात प्रभावित होगा
वर्षों की प्रतीक्षा के बाद आखिरकार शहर को न्यास कालोनी होकर एक बायपास मार्ग मिला था। ओवरब्रिज होकर लंबा फेर लगाने वाले हजारों लोगों ने बायपास की मांग की थी जिस पर पिछले विधानसभा कार्यकाल में तत्कालीन विधायक पं.गिरिजाशंकर शर्मा ने प्रयास करके बायपास मार्ग बनवाया था। एमजीएम कालेज से सीधे बायपास के जरिए हजारों वाहन चालक हर रोज सोनासांवरी रेलवे क्रासिंग होकर होशंगाबाद, औद्योगिक क्षेत्र खेड़ा, कृषि उपज मंडी के अलावा एनएच 69 के पूर्वी हिस्से में बसे गांव पांजराकलॉ, लुहारियाकलॉ, धौंखेड़ा जाते हैं तो पूर्वी हिस्से के लोग इटारसी, सोनासांवरी, साकेत, बम्हनगांव, बाईखेड़ी, सांवलखेड़ा आदि आते-जाते हैं। पश्चिमी हिस्से के किसानों को अपनी उपज कृषि उपज मंडी लाने के लिए यही एकमात्र सुलभ रास्ता है, जो पांच दिन बंद रहने से हजारों लोग परेशान हो जाएंगे।
तीसरी लाइन का काम होगा
रेलवे द्वारा तीसरी रेल लाइन का काम जोरशोर से कराया जा रहा है। अभी तक रोड के दोनों तरफ पिछले कई महीनों से काम चल रहा था। अब माना जा रहा है कि रोड क्रास करके काम होना होना और लगातार आवागमन के कारण काम करने में परेशानी की आशंका के चलते इस मार्ग को पांच दिन के लिए पूरी तरह से बंद ही कर दिया है। एक अनुमान के अनुसार हर रोज इस मार्ग से ट्रैक्टर-ट्राली, ट्रक, डंपर, जीप-कार और दुपहिया वाहन मिलाकर दो से तीन हजार वाहन आवागमन करते हैं। इनके आवागमन के कारण कार्य में बाधा आएगी, इसलिए रेलवे ने पांच दिन के लिए यह गेट बंद किया है।
इनका कहना है…
सोनासांवरी रेलवे क्रासिंग गेट नंबर 226 मरम्मत (अनुरक्षण) कार्य हेतु 17 से 21 जनवरी तक प्रात: 9 बजे से शाम 6 बजे तक सड़क वाहन यातायात के लिये पूर्णत: बंद रहेगा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक(यातायात) को सड़क यातायात सुगम बनाये रखने हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करने की सूचना दे दी गई है।
आईए सिद्दीकी, पीआरओ भोपाल
एक दर्जन गांव और शहर के हजारों लोग होंगे परेशान
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








