इटारसी। शनिवार को दोपहर में ग्राम सोमलवाड़ा के पास स्थित नहर में ग्रामीणों को वायसन दिखाई दिया। वायसन को देखकर आसपास के ग्रामीण अंचल में डर का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। माना जा रहा है कि यह पानी पीने नहर में आया होगा ओर चूंकि नहर के किनारे आरसीसी के हैं, तो फिसल कर गहरे पानी में चला गया होगा।

कुछ देर बाद वन विभाग सामान्य कार्यालय के प्रभारी रेंजर हरिओम मनु के निर्देशन में बागदेव चौकी प्रभारी अजय श्रीवास्तव एवं वन विभाग के सदस्यों की टीम सोमलवाड़ा नहर के पास पहुंची। जहां वन विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद नहर से वायसन को निकाल तो लिया, लेकिन देर शाम तक वन विभाग की टीम उसे पकड़ नहीं सकी। वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार देर शाम तक शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के पास से गुजरने वाली नहर के किनारे यह वायसन था। उसको पकडऩे के लिए वन विभाग की टीम रेस्क्यू कर रही थी। इस दौरान घबराये हुए बायसन ने भागते हुए एक युवक पर हमला भी किया और एक बुजुर्ग ग्रामीण भी इसके हमले से बाल-बाल बचा है।
हालांकि इस जंगली जानवर की दहशत के चलते वन विभाग की टीम भी सावधानी बरत रही थी और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण भी दहशत में दिखाई दे रहे थे। देर शाम तक वायसन फोरलेन के पास चला गया था, ग्रामीणों की भीड़ के कारण वह कहीं जा नहीं पा रहा है, वन विभाग ने डायल-100 को सूचना देकर बुला लिया था। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अंधेरा होते ही यह स्वयं जंगल में चला जाएगा। ग्रामीणों को इससे दूर रहना और उसे अकेला छोड़ देना चाहिए ताकि यह बिना किसी डर के जंगल में चला जाए।









