नर्मदापुरम। रेत के अवैध कारोबार से कथित तौर पर जुड़े कुछ लोगों ने रेत कंपनी के दफ्तर में तोडफ़ोड़ की। तीन लोगों ने कंपनी के रूपेश पेठे पिता मुकुंद पेठे निवासी भोपाल से पैसों को लेकर अड़ीबाजी की। पैसे का मना करने पर आफिस में लगे कैमरे तोड़े, लैपटॉप, प्रिंटर, टेबिल कुर्सियां तोड़ दीं।
बताते हैं कि ये कंपनी से काम करने के एवज में रुपए की अड़ीबाजी कर रहे थे। घटना नसीराबाद ढाना नर्मदापुल के पास मंगलवार की है। बुधवार को कंपनी की ओर से रूपेश पेठे पिता मुकुंद पेठे निवासी महर्षि पतंजलि परिसर गांधीनगर, हाल निवासी कुलामड़ी रोड ओमकार गार्डन नर्मदापुरम ने माखननगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है।
पुलिस ने शिकायत पर जयजीत राजपूत पिता रमेश सिंह राजपूत निवासी सर्राकेसली, रघुवीर उर्फ गोलू राजपूत पिता गुट्टा राजपूत सर्राकेसली और हरीश राजपूत पिता संतोष राजपूत निवासी ठीकरी के खिलाफ मारपीट, अड़ीबाजी, तोडफ़ोड़ का मामला दर्ज किया।








