इटारसी। विश्व बैंक परियोजना, उच्च शिक्षा विभाग के अन्तर्गत 3 लेब इक्युप्मेंट’ पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन आज भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा के सभागार में किया। इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती कामधेनु पटोदिया की अध्यक्षता, विषय वक्ता डॉ पूनम देशमुख सहायक प्राध्यापक भौतिक शास्त्र शासकीय महाविद्यालय शाहपुर एवं डॉ बस्सा सत्यनारायण सहायक प्राध्यापक रसायन शास्त्र शासकीय एमजीएम महाविद्यालय इटारसी की विशेष उपस्थिति में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन पूजन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
महाविद्यालय की छात्रा साक्षी ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य श्रीमती कामधेनु पटोदिया ने कहा कि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए यह कार्यशाला उपकरणों का सैद्धांतिक के साथ प्रेक्टिकल ज्ञान निश्चित रूप से ज्ञानवर्धक एवं लाभदायक सिद्ध होगा। आईक्यू एसी प्रभारी डॉ हिमांशु चौरसिया ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य प्रेक्टिकल में होने वाली समस्याओं को समझकर उपकरणों की उपयोगिता को भी समझना है। विषय विशेषज्ञ डॉ पूनम देशमुख ने ट्रांजिस्टर का लाइव डेमो प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को समझाया एवं उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण प्रस्तुत किया तथा बताया कि ये सभी हमारे दैनिक जीवन मे काम आने वाले उपकरण है इनका ज्ञान होना आवश्यक है।
कार्यशाला में उपस्थित विषय विशेषज्ञ डॉ बी.सत्यनारायण ने रसायन शास्त्र के प्रायोगिक उपकरणों के विषय मे लाइव डेमो एवं पीपीटी के माध्यम से विस्तृत रूप से समझाया तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्राचार्य एवं स्टॉफ ने अतिथियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। मंच संचालन डॉ. राधा आशीष पांडे ने एवं आभार विश्व बैंक प्रभारी डॉ मंजू मालवीय ने व्यक्त किया।









