अब सरकारी स्कूलों में पार्क बनाएगी नगर पालिका
इटारसी। अब शहर के हर सरकारी स्कूलों में नगर पालिका सौंदर्यीकरण का कार्य करेगी। इसकी शुरुआत सूरजगंज स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हुई, जब यहां शाला परिसर में बने पार्क का लोकार्पण मप्र विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा ने किया। नपा द्वारा स्कूल में विकसित किए गए पार्क की तारीफ करते हुए डॉ. शर्मा ने नपा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नपा इसके लिए धन्यवाद की पात्र है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने यहां शासन की योजना के तहत छात्राओं को सायकिलों का वितरण भी किया। समारोह में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा राजेन्द्र अग्रवाल, मु य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष अरुण चौधरी, स्कूल के प्राचार्य अखिलेश शुक्ल, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला की प्राचार्य श्रीमती साधना बिलथरिया, पार्षद संगीता मालवीय, श्रीमती मंजू मालवीय, सभापति राकेश जाधव, वरिष्ठ नेता हरवंश हूरा, गोपाल शिवदासानी सहित शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।
समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल ने कहा कि कन्या शाला से स्कूलों के सौंदर्यीकरण की शुरुआत है। हम शहर के अन्य स्कूलों में भी इसी तरह के सौंदर्यीकरण के कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षक अध्यापन में मेहनत करें, बच्चे अच्छे रिजल्ट लाएं और नगर पालिका सौंदर्यीकरण का कार्य करें ताकि हमारे सरकारी स्कूल भी निजी स्कूलों के समकक्ष आ सकें। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में भी हम ऐसा माहौल पैदा करें ताकि लोग अपने बच्चों को इन स्कूलों में पढ़ाने भेज सकें।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने कहा कि नगर पालिका शहर में विकास के साथ-साथ पार्क निर्माण से सौंदर्यीकरण का कार्य कर रही है जो धन्यवाद की पात्र है। उन्होंने शिक्षकों को भी इस स्कूल में अच्छे रिजल्ट के लिए धन्यवाद दिया तथा कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए प्रदेश की सरकार अच्छे-अच्छे काम कर रही और बेहतर योजनाएं ला रही है।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ें, सरकार उनके साथ है। जो भी जरूरतें हैं, सरकार पूरी करेगी। डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यगमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों की चिंता की है, तभी बेटियों के लिए अनेक योजनाएं बनाकर लागू की हैं। उन्होंने विरोधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विरोध कहते हैं कि शिवराज सिंह पुराना डमरू बजाते हैं। लेकिन हम तो बेटियों के भविष्य के लिए चिंतित हैं और पुराने बेटियों और नई बेटियों सबकी चिंता करते हैं।
डॉ. शर्मा ने इस अवसर पर कन्या शाला में नगर पालिका परिषद द्वारा निर्मित पार्क का लोकार्पण कर निरीक्षण भी किया। इसके बाद उन्होंने शाला की 44 छात्राओं को शासन की योजना के तहत सायकिलों का वितरण भी किया। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत प्रस्तुत किए। स्वागत उद्बोधन देते हुए प्राचार्य अखिलेश शुक्ल ने शाला के विकास की अनेक जानकारी और परीक्षा परिणाम की जानकारी दी। उन्होंने शाला परिसर में साफटबाल और व्हालीबाल का मैदान विकसित करने की मांग अतिथियों के समक्ष रखी। अंत में आभार प्रदर्शन वरिष्ठ शिक्षक अजय दुबे ने किया।
छात्राओं को सायकिल वितरण और पार्क का लोकार्पण
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








