---Advertisement---

बस स्टैंड तिराहा बनेगा सुंदर, चौड़ी होगी रोड

By
On:
Follow Us

 पूड़ी लाइन की दुकानों और का किया निरीक्षण
इटारसी। शहर में प्रवेश करते ही मिलने वाला तिराहा, सुंदर बनाया जाएगा। इससे जुड़ी सड़क को दस फुट और चौड़ा किया जाएगा ताकि भविष्य में यहां से आवागमन में परेशानी न आए। आगामी कुछ वर्षों में यहां एक बड़ा बहुद्देश्यीय काम्पलेक्स का निर्माण होना है। उस निर्माण के बाद शहर का मुकुट कहलाने वाला यह स्थान किसी महानगर सा दिखने लगेगा। सीएमओ ने आज सब इंजीनियर्स और कुछ जनप्रतिनिधियों के साथ इस तिराहे के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए स्थान का निरीक्षण किया। इसके साथ ही चिकमंगलूर चौराह पर स्थित यूरिनल के विस्तार की संभावना देखी।
पहले चरण में होगा यह
कभी एसीसी तिराहे के नाम से पहचाने जाने वाले इस स्थान पर रोड को चौड़ा करने के लिए काफी संभावनाएं हैं। लगातार दिनभर में हजारों वाहनों की आवाजाही वाले और शहर के भीतरी हिस्से में आने के लिए यह प्रवेशद्वार का काम करता है। ओवरब्रिज से उतरकर जब इस चौराहे पर वाहन पहुंचते हैं तो कभी-कभी अधिक वाहन होने पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उस पर यहां खड़े होने वाले लोडिंग वाहनों से यह मार्ग संकरा लगने लगता है। इस मार्ग को पुराने बीओटी काम्पलेक्स तरफ चौड़ा करने की संभावना है। इस तरह रविशंकर शुक्ल मार्केट तरफ वाली रोड पर भी साइड में काफी जगह है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे ने चौराहे पर रोड को चौड़ी करने और इसके सौंदर्यीकरण की संभावनाएं देखी। श्री दुबे ने बताया कि पहले चरण में इसके सौंदर्यीकरण पर दो लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
यूरिनल का विस्तार होगा
चिकमंगलूर चौराहे पर यूरिनल विस्तार के लिए चार लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में पूरे बाजार क्षेत्र का यही एकमात्र यूरिनल है, जो मुख्य बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और बाजार आने वाले ग्राहकों की सुविधा के काम आता है। कई वर्षों पूर्व बना यह यूरिनल अब आबादी के मान से छोटा पडऩे लगा है। नगर पालिका इसके विस्तार की योजना बना रही है। अभी यह केवल 8 सीटर है जिसे दोगुना करके सोलह सीटर बनाया जाएगा। दुकानों के पीछे जगह कम होने के कारण यहां यूरिनल के साथ शौचालय बनाने की योजना सफल नहीं हो पा रही है। इसलिए यहां केवल यूरिनल ही बनाए जा रहे हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे ने इस जगह का निरीक्षण किया और सब इंजीनियर एसके बोहरे का इसे बनाने के लिए निर्देश दिए। सीएमओ श्री दुबे ने बताया कि इस यूरिनल का निर्माण लगभग चार लाख रुपए की राशि से किया जाएगा।
तकनीकि गड़बड़ी पर नोटिस
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे ने आज सुबह अपने दैनिक निरीक्षण के अंतर्गत महात्मा गांधी रोड पर बनी नाली निर्माण में तकनीकि गड़बड़ी पर नपा के एक सब इंजीनियर और ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। श्री दुबे ने कहा कि निरीक्षण में इस नाले के निर्माण में तकनीकि खामियां मिली हैं। सीएमओ श्री दुबे ने कहा कि नगर उदय अभियान के अंतर्गत ओवरब्रिज पर जमी धूल को साफ करने के निर्देश भी स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं। विभाग की टीम ओवरब्रिज की धूल हटाने का कार्य करेगी। इसी तरह से इस अभियान के अंतर्गत शहर की सभी शासकीय पेयजल टंकियों की पुताई और शेष रहे सरकारी भवनों की पुताई के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसी तरह से जितने भी बड़े नाले जो चौड़े हैं और कहीं खुले पड़े हैं, जिनसे दुर्घटना की आशंका बनती है, उनको भी ढंकने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
इनका कहना है…
हमने पुराने बीओटी काम्पलेक्स के पास वाले चौराहे के विकास की योजना बनायी है। आज इस स्थान का निरीक्षण किया है। इसी तरह चिकमंगलूर चौराहे के पास बने यूरिनल का विस्तार करके इसे 8 से सोलह सीटर में तब्दील किया जाएगा।
सुरेश दुबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.