इटारसी। अपने मूल हल्के के अलावा अन्य हल्कों का अतिरिक्त कार्य कर रहे पटवारी ने आज तहसील कार्यालय में तहसीलदार को अतिरिक्त हल्के के बस्ते सौंप दिए हैं। उन्होंने निर्णय लिया है कि वे अब केवल अपने मूल हल्के का ही काम करेंगे।
एक दिन पूर्व ही एसडीएम और तहसीलदार को दिए ज्ञापन में पटवारियों ने सूचित कर दिया था कि वे अतिरिक्त हल्कों का काम नहीं करेंगे। मप्र पटवारी संघ के तहसील शाखा अध्यक्ष राजेश गहरवाल ने कहा कि हम पिछले कई वर्षों से ज्ञापन दे रहे हैं लेकिन सरकार अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 15 हजार हल्के रिक्त हैं जिसमें 8 हजार पटवारी अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। प्रत्येक पटवारी को अतिरिक्त हल्के में कार्य करने पर एक माह में 7 से 8 हजार रुपए का आर्थिक भार आता है। पटवारियों का वेतन बहुत कम है और इतनी अल्प वेतन में अतिरिक्त हल्कों का काम करना संभव नहीं है। अतिरिक्त हल्कों को कोई मानदेय भी नहीं मिल रहा है। हम हड़ताल नहीं कर रहे हैं केवल अब अतिरिक्त हल्कों का काम नहीं करके केवल मूल हल्कों का ही काम करेंगे, आज हमने अतिरिक्त हल्के जो हमें मिले थे, उनके बस्ते तहसीलदार को सौंप दिए हैं।
पटवारियों ने सौंपे अतिरिक्त हल्के के बस्ते
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








