- संत मीराबाई की 525 वीं जयंती पर इटारसी में कला धरोहर श्रृंखला का आयोजन
- संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली द्वारा कला धरोहर श्रंखला पूरे देश देश में आयोजित
इटारसी। संत मीरा बाई की 525 वीं जयंती के उपलक्ष्य में संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली द्वारा पूरे भारत में ‘कला धरोहर’ श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज इटारसी के पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजगंज में दो दिवसीय कार्यशाला के प्रथम दिन प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना शालिनी खरे ने अत्यंत सरल तरीके से कथक नृत्य और उसके माध्यम से कथा कहने का तरीका छात्राओं को सिखाया। बड़ी संख्या में छात्राओं ने कथक नृत्य सीखने में रुचि दिखाई। कल गुरुवार को इटारसी की कन्या शाला में कला धरोहर का समापन होगा।


आज प्रथम दिन कार्यशाला का समय 12 बजे से 3 बजे तक रहा। जबलपुर की प्रसिद्ध कथक नर्तक शालिनी खरे ने संत मीरा बाई पर आधारित कथक नृत्य की बुनियादी जानकारी छात्राओं को प्रदान की। बड़ी संख्या में छात्राओं ने इस कार्यशाला में भाग लिया और नृत्य की बारीकियां सीखीं। पूरे विद्यालय में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। छात्राओं ने संत मीरा बाई पर रंगोली भी बनाई, जो उनके उत्साह को और भी बढ़ा रही थी।
इस अवसर पर स्कूल के सभी शिक्षक पीले वस्त्रों में सज्जित होकर उपस्थित थे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इटारसी की जानी मानी चिकित्सक एवं भरतनाट्यम नर्तक डॉ. श्रीमती शीतल दयाल रहीं। विधायक प्रतिनिधि जसवीर छाबड़ा और स्कूल की प्राचार्य, संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली के अधिकारी एवं कला धरोहर श्रृंखला के प्रभारी प्रवीण दुरेजा भी मौजूद रहे। कल, 5 सितंबर 2024 को, श्रृंखला के दूसरे दिन का आयोजन भी इसी समय दोपहर 12 से शाम 3 बजे तक किया जाएगा, जिसमें श्रीमती शालिनी खरे कार्यशाला के पश्चात एक सुंदर नृत्य प्रस्तुति देंगी। कल के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इटारसी-नर्मदापुरम के विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे होंगे।









