महिलाओं के उत्साहवर्धन हेतु हुई विभिन्न प्रतियोगिता

महिलाओं के उत्साहवर्धन हेतु हुई विभिन्न प्रतियोगिता

इटारसी। केन्द्रीय विद्यालय क्र 2 सीपीई में मार्च के प्रथम सप्ताह 01 मार्च 2020 से 07 मार्च 2020 तक में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में अनेक आयोजन हुए। विद्यालय में प्रार्थना सभा के सभी कार्यक्रम जैसे राष्ट्रगान, प्रार्थना, प्रतिज्ञा, ध्वज फहराना, कमाण्ड देना जैसे कार्य छात्राओं द्वारा किये गये। इसके अतिरिक्त महिलाओं के सम्मान एवं उत्साहवर्धन के हेतु विद्यालय स्तर पर निबन्ध लेखन, भाषण, गीत, कविता पाठ जैसी क्रियाएँ भी सम्पन्न की गई।
मुख्य आयोजन विद्यालय की महिलाओं के सम्मान के लिए किया गया। सम्मान समारोह में विद्यालय की सभी महिलाओं को ग्रीटिंग कार्ड एवं उपहार भेंट किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के सम्मान में अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर विद्यालय की प्राथमिक विभाग की प्रभारी श्रीमती एसएन फाजिल एवं उच्च माध्यमिक विभाग की वरिष्ठतम शिक्षिका श्रीमती हेमलता सोनी ने कविता के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किये। पुरूष वक्ताओं में आलोक मिश्र, के.के. साहू , जे.राम, अखिलेश उपाध्याय ने महिलाओं के सम्मान के लिए अपने विचार व्यक्त किये। विद्यालय के उप प्राचार्य एमएल राठौर ने अपने संबोधन में महिलाओं द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में दिए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं का निरंतर सम्मान करने की अपील की। विद्यालय के प्राचार्य आरके रूद्र ने समाज और राष्ट्र के विकास के लिए महिलाओं के योगदान को बहुत ही महत्वपूर्ण बताया और आहवान किया कि हम सभी को हमेशा महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!