---Advertisement---

ग्राम संसद में आम जनता की उपस्थिती सुनिश्चित करे – कलेक्टर

By
On:
Follow Us

होशंगाबाद। कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान 14 अप्रैल से 31 मई तक तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। इसके विस्तृत निर्देश तथा ग्राम पंचायत वार कार्यक्रम की जानकारी दी जा चुकी है। शासन के निर्देशो के अनुरूप हर पंचायत में तीन दिवसीय ग्राम संसद का आयोजन करे। अभियान के प्रथम दिन गाँव के विकास की उपलब्ध बजट के अनुसार कार्य योजना तैयार करे। संसद के दूसरे दिन महिलाओं के स्वास्थ्य की जाँच, सुपोषण तथा स्वास्थ्य सेवाओं पर केन्द्रित होगा। इसी दिन पात्र हितग्राहियों की सूची भी तैयार की जाएगी। अभियान के दौरान हर पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करे।
कलेक्टर ने कहा कि तीन दिवसीय ग्राम संसद के अंतिम दिन कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें खेती को आधुनिक बनाने, जल प्रबंधन तथा जैविक खेती की जानकारी दी जाएगी। किसान की आय को दुगना करने के लिए किये जा रहे प्रयासो की समीक्षा भी की जाएगी। ग्राम संसद में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियो का सत्यापन करे। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतो को खुले में शोच से मुक्त कराएं। श्रम विभाग के तहत मजदूरो का पंजीयन तथा प्रत्येक नि:शक्त का पंजीयन एवं उसे विभिन्न योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करे। सभी एसडीएम तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ग्रामोदय का पूरा कार्यक्रम हर पंचायत में होना सुनिश्चित करे। इसकी खंड स्तरीय बैठक 12 अप्रैल को आयोजित की जा रही है। जिसमें एसडीएम भी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे। अभियान के दौरान कृषि क्रांति रथ भी गाँव का भ्रमण करेगा। रथ को यथासंभव ग्राम संसद के तीसरे दिन ग्राम पंचायत में भ्रमण कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि ग्राम संसद में बीपीएल के अपात्र व्यक्तियों के नाम काटने के भी कार्यवाही करे। जो व्यक्ति स्वेच्छा से सूची से अपना नाम अलग कराता है उसे ग्राम संसद में सम्मानित करे। उनके नाम समाचार पत्रो में प्रकाशित कराएं। अभियान के दौरान सभी बारहमासी तलाबो में मछली पालन के पट्टे जारी कराएं। महिला स्वास्थ्य शिविर में कुपोषित बच्चो तथा हाईरिस्क गर्भवती महिलाओ का चिन्हाँकन करे। इनके समुचित उपचार की व्यवस्था कराएं। पूरे अभियान की जिला तथा विकासखंड स्तर से मानीटरिंग की जाएगी। ग्राम संसद मे हुई कार्यवाही का विवरण तथा फोटो प्रतिदिन निर्धारित प्रपत्र में तैयार कर पंचायत दर्पण पोर्टल में अपलोड की जायेंगे। इसके लिए प्रत्येक जनपद में अलग से दल तैनात करे। कलेक्टर ने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के लिए गांव में मुनादी कराएं। दीवार लेखन तथा लाउडस्पीकर से भी अभियान की जानकारी दें। अभियान के दौरान सभी अधिकारी विभागीय योजनाओ की जानकारी आम जनता तक पहुँचाएं। अभियान के दौरान आजीविका मिशन के स्वसहायता समूहो को ऋण एवं अनुदान का वितरण कराएं। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का सत्यापन तथा मुख्यमंत्री आवास योजना एवं स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों के आवेदन पत्र भी अभियान के दौरान भरवाएं।
कलेक्टर ने कहा कि अभियान के नोडल अधिकारी ग्राम पंचायत के निराश्रित व्यक्तियो को चिन्हित करके उन्हें मध्यान्ह भोजन योजना से शासन के निर्देशो के अनुसार प्रतिदिन भोजन देना सुनिश्चित करे। अभियान के दौरान इससे लाभान्वित निराश्रितो की पूरी जानकारी प्रतिवेदन में शामिल करे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पी.सी.शर्मा ने अभियान के तीनो चरणो की जानकारी दी। बैठक में उप संचालक कृषि श्री गूर्जर ने कृषि महोत्सव तथा कृषि क्रांति रथ की जानकारी दी। बैठक में एडीएम मनोज सरियाम, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.