इटारसी। बांदरी हाई स्कूल मंगल भवन बनने के लिए काफी दिनों से विवाद चल रहा है। आदिवासी नेता विनोद वारिवा ने बताया कि बांदरी स्कूल में जगह बहुत काम है। यदि यहां मंगल भवन बन जायेगा तो छात्र छात्राओं के खेलकूद के लिए जगह बहुत कम बचेगी।
ग्रामीणों ने स्कूल के मैदान में मंगल भवन का विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अनुविभागीय दंडाधिकारी के कहने के बावजूद स्कूल परिसर में मंगल भवन बनाने का काम प्रारंभ कर दिया है। ग्रामीणों की अपने बच्चों की पढ़ाई की चिंता को दरकिनार कर आज से भवन का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया है, जबकि पालकों के अनुरोध पर अनुविभागीय अधिकारी ने वहां निरीक्षण के उपरांत ही निर्माण करने की बात संबंधित को कह चुके हैं।
आदिवासी नेता विनोद वारिवा ने कहा कि स्कूल में आदिवासी गरीब बच्चों की संख्या बहुत अधिक है,अन्य लोगों के बच्चे प्रायवेट स्कूल में जाते हैं, जबकि गरीब बच्चों के माता-पिता के पास पैसा नहीं होता। ऐसे माता-पिता शासकीय स्कूल में बच्चों को भेजते हं। उन्होंने एसडीएम से निवेदन किया है कि शासकीय स्कूल की जगह को छोड़कर अन्य शासकीय जगह पर मंगल भवन बनाया जाये।









