- नव दाम्पत्य जीवन के लिए धर्म साहित्य और सुरक्षा के मिले अनेक उपहार
इटारसी। नर्मदापुरम जिले के बहुसंख्यक चौरिया कुर्मी समाज का 14 वॉ आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन आज 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर कृषि उपज मंडी इटारसी के प्रांगण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के 22 नवयुगल जोड़ों ने एक दूजे का हाथ थाम कर नव दांपत्य जीवन की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा, अध्यात्म और जीवन से जुड़ी हुई बहुमूल्य सामग्रियां समाज की ओर से उपहार में प्राप्त हुई।
चौरिया कुर्मी समाज का यह सामूहिक विवाह सम्मेलन आज बुधवार को सुबह 9 बजे से प्रारंभ हो गया था। कृषि उपज मंडी के समीप प्रिंस गार्डन से दूल्हों की बारात निकाली गई जो राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए मंडी के द्वितीय गेट से कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहां समाज की ओर से समस्त दूल्हे राजाओं की अगवानी की गई। अगवानी में उन्हें शॉल श्रीफल और बर्तन शिवशंकर झलिया एवं रामकिशोर चौरे की ओर से भेंट किए। अगवानी एवं द्वारचार के पश्चात पाणिग्रहण स्थल पर वर वधू का पाणिग्रहण संस्कार प्रारंभ हुआ।
समाज की ओर से मंगलसूत्र एवं अन्य सामग्रियां दीं। चंद्रगोपाल मलैया परिवार की ओर से समस्त दूल्हों को हेलमेट, उन्हें धर्म साहित्य से जोडऩे राकेश चौरे ताकू की ओर से रामचरितमानस के अलावा अन्य ने भी उपहार दिये। सामूहिक विवाह सम्मेलन में नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, नगर पालिका अध्यक्ष इटारसी पंकज चौरे, नर्मदा पुरम अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव, इटारसी नगर पालिका की सभापति गीता देवेंद्र पटेल, सरपंच संघ की ओर से बालेंद्र पटेल एवं मंडी प्रशासन की ओर से कृषि उपज मंडी इटारसी के सचिव अरविंद परिहार ने वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान किया।
ज्योतिषाचार्य प. मुरारी उपाध्याय के नेतृत्व में 22 ब्राह्मणों ने 22 जोड़ों का विवाह सनातन संस्कृति के अनुसार कराया। जयमाला मंच पर हुई। सोहागपुर विधायक ने समाज को इस सामाजिक कार्य के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। मंडी में सामूहिक भोज की व्यवस्था की गई थी जिसमें करीब 10000 से अधिक लोगों ने भोजन प्राप्त किया। समाज की ओर से अध्यक्ष शंभू दयाल पटेल एवं संयोजक ग्राम चिल्लई की ओर से अरुण मलैया ने सभी का आभार व्यक्त किया।









