इटारसी। नर्मदापुरम जिले में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई कोर क्षेत्र के लगदा कैंप में एक बाघ ने चौकीदार पर हमला करके उसे गंभीर घायल कर दिया। हमले में चौकीदार के कंधे पर चोट आई है। वहीं पदस्थ दूसरे चौकीदार ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे बचाया है।
एसटीआर सूत्रों के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की है, जब चौकीदार बृजेंद्र तेकाम और रामदास इवने ड्यूटी पर थे। अचानक एक बाघ कैंप के अंदर घुसा और बृजेंद्र के कंधे पर हमला कर दिया। बृजेंद्र ने जोर से चिल्लाया तो आवाज सुनकर रामदास बाहर आया और किसी तरह बाघ को भगाकर अपने साथी की जान बचायी। रात करीब 11 बजे घायल चौकीदार को बाइक से मढ़ई लेकर आए और वहां से सोहागपुर अस्पताल में प्राथमिक इलाज करके उसके गांव सेहरा में छोड़ दिया गया।
बताया जाता है कि चोट से खून बहना दूसरे दिन भी जारी था। गुरुवार को जब मामला उजागर हुआ, तो रेंज स्टाफ ने उसे दोबारा इलाज के लिए सोहागपुर लाकर उपचार कराया। रेंजर पीएन ठाकुर ने बाघ के हमले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चौकीदार को इलाज के लिए सोहागपुर ले जाया गया है।









