रिक्त भूखंड मालिकों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज़
इटारसी। शहर में लोक न्यूसेंस उत्पन्न करने वाले खाली प्लाट्स के मालिकों पर नगर पालिका ने कार्यवाही की शुरुआत कर दी है। सीएमओ सुरेश दुबे ने सोनासांवरी नाका क्षेत्र में अपने भ्रमण के दौरान दो खाली प्लाट्स में गंदगी देखकर उन पर पांच-पांच हजार रुपए का जुर्माना करने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही इन खाली प्लाट्स के मालिकों को नोटिस देकर जुर्माना वसूला जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सोनासांवरी नाका क्षेत्र में वहां की पेयजल और गंदगी की समस्याओं की शिकायत पर निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां प्रशांत गुप्ता और सुनील साहू नामक दो लोगों के खाली प्लाट्स पर गंदगी देखकर दोनों पर पांच-पांच हजार रुपए का जुर्माना करने के निर्देश राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिए हैं।
अब चलेगी रिक्त भूखंड पर मुहिम
नगर पालिका ने पिछले वर्ष भी एक मुहिम चलाकर अनेक रिक्त भूखंड मालिकों से जुर्माना वसूला था। दरअसल इन पर पानी भरा होने के अलावा क्षेत्र के लोग इसमें कचरा डंप करते और जानवर इस कचरे को फैलाकर गंदगी फैलाते रहते हैं। नगर पालिका पुन: नोटिस जारी कर रही है। रिक्त भूखंड के मालिकों से कहा गया है कि वे अपने खाली प्लाट्स पर बाउंड्री करके उसे सुरक्षित कर लें अन्यथा उस पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। रिक्त भूखंड मालिकों के खिलाफ नगर पालिका का राजस्व अमला, स्वच्छता विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका के पास शहर में रिक्त भूखंडों की सूची तैयार है, उनको नोटिस देकर अपने प्लाट्स को सुरक्षित करने के लिए वक्त दिया जाएगा। निर्धारित वक्त में यदि रिक्त भूखंड के मालिक अपना भूखंड बाउंड्री आदि करके सुरक्षित नहीं करते तो नपा द्वारा उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
गंदगी का सबब बन रहे रिक्त भूखंड
दरअसल शहर में रिक्त भूखंड गंदगी का सबब बन रहे हैं। ऐसे करीब दो सौ प्लाट्स चिन्हित हैं जो या तो उस क्षेत्र के कचरा डंपिंग मैदान बन चुके हैं या फिर उनमें बड़ी मात्रा में पानी भरा रहने से उनमें मच्छर और अन्य कीट पैदा होकर विभिन्न बीमारियों का जनक बन रहे हैं। आने वाले समय में डेंगू की आशंका को देखते हुए इन खाली प्लाट्स को सुरक्षित करने नगर पालिका कदम उठाएगी। वर्तमान में खाली प्लाट्स उस क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य से खिलावाड़ कर रहे हैं। इनके मालिक भी इनकी सुध नहीं ले रहे हैं तथा कोई निर्माण नहीं कर रहे जिससे वार्ड के लोग परेशान हैं। इन पर कचरा आदि फैका जा रहा है जिससे मच्छर और अन्य कीट जन्म ले रहे हैं। पिछले वर्ष की तरह नगर पालिका फिर से ऐसे प्लाट्स मालिकों पर जुर्माने की कार्रवाई करना प्रारंभ कर रही है। सीएमओ श्री दुबे ने सोनासांवरी नाका से जुर्माने की कार्रवाई की शुरुआत भी कर दी है। अब नपा के राजस्व, स्वच्छता और लोक निर्माण विभाग को इसकी शुरुआत करनी है।
इनका कहना है…!
हम लगातार रिक्त भूखंड के मालिकों को नोटिस देकर उनसे आग्रह कर रहे हैं कि वे अपने प्लाट्स की बाउंड्री करा लें। इसके साथ ही समय-समय पर खाली प्लाट्स के मालिकों पर जुर्माना भी किया है। हाल ही में सोनासांवरी नाका क्षेत्र में दो प्लाट्स के मालिकों पर जुर्माना किया है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सुरेश दुबे, सीएमओ
यहां इतने खाली प्लाट्स
नगर पालिका के सर्वे के मुताबिक शहर में करीब सवा दो सौ खाली प्लाट्स हैं जिन पर या तो कचरा डाला जा रहा है या फिर उनमें पानी भरा हुआ है। ऐसे भूखंड की संख्या इस प्रकार है।
वार्ड प्लाट्स संख्या
वार्ड प्लाट्स की संख्या
1 36
2 14
3 28
4 20
5 04
6 11
7 17
8 06
9 11
11 10
12 08
14 17
15 11
16 04
19 06
20 02
21 08
22 16
33 05
34 40
खाली प्लाट्स के मालिकों पर लगाया 5-5 हजार का जुर्माना
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








