इटारसी। कुछ लोग शहर में चंदा वसूली कर रहे हैं। ये कभी स्वयं को मुस्कान संस्था में रहना बताते हैं तो कभी इंदौर की किसी संस्था का पता बताते हैं। शिकायत मिलने पर मुस्कान संस्था ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने ऐसे लोगों की जानकारी के लिए अपने बीट इंचार्ज को भी निर्देश दिये हैं। मुस्कान संस्था के संचालक मनीष सिंह ठाकुर ने कहा कि कुछ अज्ञात महिलाएं हमारी संस्था के नाम पर लोगों से दान मांग रहे हैं। एक महिला इटारसी में घूमकर लोगों से दान मांग रही है, जो हमारी संस्था के नाम पर धोखाधड़ी कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि हमारी संस्था किसी भी प्रकार का दान मांगने के लिए कोई अधिकृत व्यक्ति नहीं भेज रही है, ना हमारी संस्था द्वारा ऐसे दान लिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति या महिला आपसे दान मांगती है तो कृपया तुरंत संस्था या पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि हम अपने दानदाताओं और समाज के लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे ऐसी धोखाधड़ी वाली गतिविधियों से सावधान रहें और हमारी संस्था के मोबाइल नम्बर 9425372990 पर तत्काल सूचित करें।
ऐसी जानकारी मिली है कि करीब 11 महिलाएं, बच्चे और पुरुष सहित 40 लोग शहर में घूम रहे हैं, कुछ दान मांग रहे हैं, कुछ भीख मांग रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहें। कोई ऐसे अनजान दिखे तो सूचना पुलिस को दें।
गांवों में भी दहशत
ग्रामीणों का कहना है कि ये लोग कभी स्कॉर्पियो से आते हैं, कभी टवेरा से आते हैं, कभी-कभी टू व्हीलर से। अलग-अलग क्षेत्र में चोरी और लूटपाट जैसी वारदात कर रहे हैं। आने जाने वाले सिंगल लोगों को भी रोक कर लूटपाट करते हैं। इन 12 से 15 दिनों में अलग-अलग गांव में अलग-अलग जगह पर घरों में चोरी, आने जाने वालों के साथ मारपीट और लूटपाट कर रहे हैं। बाहर खड़ी गाडिय़ों को भी ले जाते हैं। यह शाम को अंधेरा होते ही सात आठ बजे के बाद वारदात शुरू करते हैं।









