इटारसी। जूनियर बालक अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन दो मैच खेले गए पहला मैच डीएफए भोपाल और डीएफए मुरैना के मध्य खेला गया। इस मैच में भोपाल ने प्रथम हाफ में दो गोल मारकर हाफ टाइम तक बढ़त बना ली। मैच के दूसरे हाफ़ में मुरैना ने दो गोल मारकर बराबरी की। मैच के खत्म होते=होते भोपाल ने दो गोल और मारकर 04-02 से जीत हासिल की। प्रथम मैच में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया।
जिला फुटबाल संघ के सचिव दीपक परदेशी ने बताया कि प्रतियोगिता का दूसरा मैच नर्मदापुरम एवं नीमच के मध्य खेला गया। यह मैच बड़ा रोमांचकारी हुआ। इस मैच में नीमच ने प्रथम हाफ में एक गोल मारकर बढ़त हासिल की। दूसरे हाफ में 01 गोल मारकर नीमच ने 02-00 से जीत हासिल की। इस मैच के मुख्य अतिथि भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे एवं जिला बार एसोसिएशन के सचिव पारस जैन, अधिवक्ता शशि शुक्ला टीनू, फाइटर फुटबॉल क्लब कोषाध्यक्ष महेंद्र मालवीय गोलू थे।
अतिथियों से परिचय प्राप्त कराने के लिए जिला फुटबाल संघ कार्यकारिणी के सदस्य मनोज मालवीय एवं मितेश बड़ोदिया, पचमढ़ी से पधारे संतोष यादव, पैरामाउंट क्लब के दीपू पुरोहित, प्रीतम तिवारी, अनुराग बेरा, अंकुश मसीह, नील मालवीय मैदान पर अतिथियों को ले गए। प्रतियोगिता के संरक्षक विष्णुकांत पांडे डैनी ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।








