- सीएमओ ने दिये सफाई कर्मचारियों को बेहतर सफाई रखने के निर्देश
- वार्डवासियों से संवाद में सफाई व्यवस्था में सहयोग का अनुरोध किया
इटारसी। नाला मोहल्ला के वार्ड 24,25 और 26 में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ऋतु मेहरा ने आज निरीक्षण का सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उनको जलभराव की समस्या नागरिकों ने बतायी तो उन्होंने वार्ड के निरीक्षण में पाया कि अनेक लोगों ने अपनी दुकानों के सामने नालियों पर पक्का अतिक्रमण करके जल निकासी का रास्ता अवरूद्ध करके रखा है। सीएमओ ने सभी को स्वयं ही अतिक्रमण हटाने की समझाईश दी, साथ ही कहा कि यदि उन्होंने नहीं हटाया तो नगर पालिका हटा देगी।
सीएमओ ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। तीनों वार्ड के मुख्य मार्गों नालियों पर अतिक्रमण की समस्या सामने आयी। यहां दुकानदारों ने पक्का निर्माण कर रखा है। वार्ड 25 में बेक वाटर का निकास नहीं हो पाता है, बल्कि सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। यहां नालियों में पर्याप्त ढाल नहीं होने की समस्या थी। सीएमओ ने कहा कि तकनीकि टीम भेजकर समस्या का निदान करायेंगी। वार्ड 26 में भी नालियों में गंदगी की समस्या थी, सीएमओ ने यहां के सफाई कर्मचारियों से नाराजी व्यक्त करते हुए सही तरीके से सफाई करने के निर्देश दिये।
सीएमओ ने तीनों वार्ड में वार्डवासियों से संवाद किया और सफाई व्यवस्था में सहयोग करने, कचरा वाहनों में कचरा देने, सड़क, खाली प्लाट पर गंदगी न फैकने जैसी बातें कहीं और सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के लिए नागरिकों की राय भी जानी। इस दौरान सीएमओ के साथ पार्षद नाजिया बेग, शुभम गौर और कुंदन गौर, स्वच्छता विभाग से कमल बडग़ोती, तीनों वार्ड के मुकद्दम मौजूद थे।









