इटारसी। तवा बांध में पानी बढऩे की रफ्तार अत्यंत कम हो गयी है। अब बांध में दस घंटे में एक प्वाइंट पानी बढ़ रहा है। सुबह 6 बजे जहां बांध का जलस्तर 1160.10 फिट था, वहीं शाम 4 बजे यह 1160.20 फिट हुआ है। आज सुबह से शाम तक बांध के कैचमेंट एरिया में बारिश नहीं हुई है। बांध के सभी गेट बंद हैं, केवल एचईजी को बिजली बनाने 3600 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है जो बाद में तवा नदी में छोड़ा जा रहा है।
तवा बांध में 15 अगस्त तक 1160 फिट पानी रखना है। अब बांध 82.71 फीसद भर चुका है। करीब एक सप्ताह बांध के गेट खुले रहे जिनसे छोड़े जाने वाले पानी के कारण नर्मदापुरम में सेठानी घाट पर नर्मदा का जलस्तर बढऩे लगा था। अब नर्मदा का जलस्तर काफी नीचे आ गया है। बांध से जा रहे पानी के बाद नर्मदा का जलस्तर 963 फिट तक जा पहुंचा था, जो अलार्म स्तर से करीब दो फिट कम था, जबकि अब यह 955 के आसपास है।








