इटारसी। मां नर्मदा कॉलेज में कारगिल विजय दिवस पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा का संचालन श्रीमती शहनाज नजमी ने किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल दिनेश कनौजिया, सूबेदार मेजर मनोज कुमार शर्मा, बीएचएम राजकुमार, क्लर्क महेंद्र एवं संचालक दीपक हरिनारायण ने मां सरस्वती एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि से किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संचालक दीपक अग्रवाल ने कहा कि देश की रक्षा करना हर नागरिक का सबसे बड़ा धर्म है। हमें सैनिकों के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए। मुख्य अतिथि कर्नल दिनेश कनौजिया ने कारगिल युद्ध समय की सभी परिस्थितियों का वर्णन करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युद्ध के दौरान जवानों के साहस, बलिदान, संकल्पों को याद किया। युद्ध के दौरान हुई कठिनाई जैसे ऊंचाइयों पर युद्ध, खराब मौसम, रशद की कमी का भी जिक्र किया।
नर्मदापुरम में स्थित 13 एमपी बटालियन एनसीसी और क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में एनसीसी इकाइयों के देखरेख के बारे में भी जानकारी दी। छात्रों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए बताया कि हर 6 महीने में अलग-अलग पुरुष-महिला पद हेतु विज्ञापन जारी होते रहते हैं। छात्र-छात्राओं से संवाद के कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने हमारी सेना के तीनों विंग जल, थल और वायु सेना के बारे में सवाल जवाब किए जिनका कर्नल कनौजिया ने विस्तार से जवाब दिया। आभार व्यक्त करते हुए नैरित पटेल ने कहा कि कारगिल युद्ध की कहानी हम सभी को प्रेरित करती है कि हम अपने देश के लिए कुछ अच्छा करें।








