सिवनी मालवा। तहसील के ग्राम नाहरकोला के देवीपुरा टोले में रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व रात में शराब के नशे में धुत पति ने डंडों से मार-मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। गुस्साये पति संतोष करोचे ने अपनी पत्नी सुनीता करोचे 35 वर्ष की लाठी से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।
मारपीट की जानकारी मिलने पर संतोष का भाई और अन्य परिजन पहुंचे थे, लेकिन उसने उनको भी भगा दिया। भाई ने ग्रामीणों को खबर की और ग्रामीणों ने पुलिस को खबर करके बुलाया। शनिवार सुबह ग्रामीणों के माध्यम से पुलिस तक जानकारी पहुंचने पर थाना प्रभारी राजेश दुबे पुलिस बल के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
नशे में हुई थी बहस
जानकारी के मुताबिक, आरोपी संतोष और उसकी पत्नी सुनीता के बीच देर रात शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि संतोष ने गुस्से में आकर घर में रखी लाठी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भाई को भगा दिया था
आरोपी के भाई अंतलाल करोचे ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर वह और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। तब संतोष ने उन्हें भगा दिया। स्थिति गंभीर देख उन्होंने ग्राम पंचायत सरपंच और पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
घटना स्थल का निरीक्षण करने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का सामने आया है। आरोपी संतोष करोचे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के पीछे के कारणों और परिस्थितियों पर और स्पष्टता आएगी।









