इटारसी। सिटी थाने के पास ट्रैफिक पुलिस द्वारा हेलमेट नहीं लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिसमें नाबालिग वाहन चालकों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इस दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों के चालान काटे और उन्हें भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
ट्रैफिक नियमों का महत्व समझाया
फिलहाल ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों को समझाईश दे रही है कि हेलमेट पहनना सड़क सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह सिर की सुरक्षा करता है और दुर्घटना की स्थिति में गंभीर चोटों से बचाता है। नाबालिक वाहन चालकों पर विशेष ध्यान देना इसलिए जरूरी है ताकि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करना सीखें और सुरक्षित वाहन चलाने की आदत डालें।
सख्ती भी की जाएगी

कोर्ट के विशेष निर्देश पर चले रहे पुलिस के इस अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश में बिना हेलमेट के पेट्रोल देने पर भी सख्त मनाही है। इसके लिए बाकायदा पेट्रोल पंपों पर पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी भी लगायी है, जो समय-समय पर जाकर वाहन चालकों को समझा रहे हैं। अभी तो समझाईश का दौर चल रहा है, लोगों में इसको लेकर बदलाव नहीं दिखा तो आगामी दिनों में पुलिस सख्ती भी करेगी और जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।









