- जबलपुर के विवेचना रंग मंडल द्वारा होगा ‘निठल्ले की डायरी’ का मंचन
- सुप्रसिद्ध नाट्य निर्देशक नवीन चौबे को मिलेगा हरिशंकर परसाई सम्मान
इटारसी। मशहूर व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई के 101 वॉ जन्म दिवस 22 अगस्त को उनके गृहग्राम जमानी में मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों की जानकारी देने आज यहां ईश्वर रेस्टोरेंट में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर मप्र कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता भूपेन्द्र गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय भी उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के अहम सदस्य पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने इस कार्यक्रम के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री परसाई के जन्मदिन पर कार्यक्रम की शुरुआत में जबलपुर के विवेचना मंच द्वारा ‘निठल्ले की डायरी’ नाटक का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम में मशहूर व्यंग्यकार संपत सरल भी शामिल होंगे।


आयोजन समिति के संयोजक हेमंत दुबे ने बताया कि हरिशंकर परसाई के 101 वे जन्मदिवस पर 22 अगस्त 2025 को सुबह 10 बजे से श्रद्धांजलि के उपरांत विवेचना रंग मंडल जबलपुर के ख्यात नाम कलाकारों द्वारा परसाई की रचनाओं पर आधारित हास्य व्यंग्य नाटक ‘निठल्ले की डायरी’ का मंचन सुप्रसिद्ध नाट्य निर्देशक नवीन चौबे के निर्देशन में मंचित किया जाएगा।
इस वर्ष का परसाई की जन्मभूमि जमानी की ओर से दिया जाने वाला हरिशंकर परसाई सम्मान इसी नाटक के निर्देशक नवीन चौबे को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दूसरे सत्र में इसी सभा में भारत के सुप्रसिद्ध हास्य व्यंग्यकार कवि ‘संपत सरल’ अपनी व्यंग्य रचनाओं का पाठ करेंगे। परसाई पर लिखी किताब काल के कपाल पर हस्ताक्षर के लेखक राजेन्द्र चंद्रकांत राय इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, गुरदीप सिंह, भूपेंद्र गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

श्री दुबे ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में देश भर से परसाई के अनुयायी आ रहे हैं। श्री दुबे ने नगर एवं जिले के साहित्यप्रेमियों और परसाई को पसंद करने वालों से भी आयोजन में शामिल होने का अनुरोध किया है। पत्रकार वार्ता में भूपेन्द्र दुबे ने कहा कि कांग्रेस इस तरह की विभूतियों को उनके कद के अनुसार सम्मान दिलाने के लिए ऐसे कार्यक्रम प्रदेशभर में करेगी, हालांकि यह कार्यक्रम राजनीति से परे किये जाएंगे।








