इटारसी। वर्धमान स्कूल में आज 21 अगस्त 2025 को नेशनल काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (NCSTS) विभाग द्वारा ‘फन विद केमिस्ट्री’ नामक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों में विज्ञान, विशेषकर रसायन विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा को बढ़ाना था।
रोचक प्रयोगों से विज्ञान को समझा
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रदीप जैन (सेवानिवृत्त प्रिंसिपल), सुनील आनंद (साइंस कम्युनिकेटर) और प्रमोद वर्मा (एजीएम, एसबीआई) ने किया। अतिथियों का स्वागत करने के बाद, उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि जिन घटनाओं को हम जादू मानते हैं, वे वास्तव में विज्ञान के सिद्धांतों पर आधारित होती हैं। उन्होंने कई रोचक और मनोरंजक प्रयोगों के माध्यम से इस बात को सिद्ध किया, जिससे छात्र काफी प्रभावित हुए।
कार्यशाला के दौरान, छात्रों ने भी इन प्रयोगों में सक्रिय रूप से भाग लिया और खुद से कई प्रयोग किए। इससे उन्हें विज्ञान के सिद्धांतों को बेहतर और व्यावहारिक तरीके से समझने का मौका मिला।
इस आयोजन में स्कूल के अध्यक्ष प्रशांत जैन, डायरेक्टर श्रीमती रचना जैन, वरिष्ठ उप-प्रधानाचार्य श्रीमती पुष्पा रघुवंशी, और माध्यमिक विभाग की समन्वयक श्रीमती योगिता स्वर्णकार भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के विज्ञान शिक्षकों विशाल सक्सेना, श्रीमती दर्शना बुधौलिया, शुभम श्रीवास्तव, प्रभात खंडेलवाल, सदानंद दुबे और श्रीमती श्वेता प्रजापति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में, विज्ञान शिक्षिका श्रीमती दर्शना बुधौलिया ने कार्यशाला को आयोजित करने और विज्ञान को सरल तरीके से समझाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।









