इटारसी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर इटारसी नगर पालिका ने बाजार व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में, इटारसी की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रितु मेहरा ने स्वयं बाजार क्षेत्र का विस्तृत दौरा कर व्यापारियों और ठेले वालों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान स्वच्छता नोडल अधिकारी सब इंजीनियर मयंक अरोरा, कमलकांत बडग़ोती भी साथ रहे। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बाजार में स्वच्छता बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना था।
डस्टबिन रखने और कचरा प्रबंधन पर जोर
निरीक्षण के दौरान सीएमओ श्रीमती मेहरा ने पाया कि कई दुकानों के सामने डस्टबिन का अभाव है। उन्होंने सभी दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी दुकानदार अपना कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें। नगर पालिका की कचरा गाड़ी आने पर ही कचरा उसमें दिया जाए, जिससे सड़कों पर गंदगी न फैले।
अतिक्रमण पर सख्त रुख
बाजार में अस्थायी अतिक्रमण एक बड़ी समस्या बनी हुई है, खासकर फल और सब्जी विक्रेताओं द्वारा सड़क के बीच में दुकान लगाने से व्यवस्था बाधित हो रही है। सीएमओ ने ऐसे फल-सब्जी वालों को भी समझाइश दी है कि वे अपनी निर्धारित जगह पर ही बैठें और यातायात को प्रभावित न करें। इस तरह के अतिक्रमण से बाजार में भीड़ बढ़ती है और आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है।
दीवाली तक लगातार त्योहारों की तैयारी
सीएमओ ने दुकानदारों से यह भी अपील की कि अब दीवाली तक लगातार त्योहार रहेंगे, जिससे बाजार में भीड़भाड़ बढऩा स्वाभाविक है। ऐसे में, वे अपनी दुकान का सामान सड़क तक बाहर न निकालें। सामान बाहर निकालने से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि ग्राहकों को भी असुविधा होती है और बाजार की व्यवस्था बिगड़ती है।
सुबह की सफाई और जुर्माने का प्रावधान
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ दुकानदार सुबह दुकान खोलते समय सफाई करते हैं और कचरा सीधे सड़क पर फेंक देते हैं। ऐसे दुकानदारों को भी समझाया गया है कि वे सफाई के बाद कचरे को डस्टबिन में इक_ा करें और फिर नगर पालिका के कचरा वाहन में ही दें। सीएमओ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि समझाइश के बाद भी यदि दुकानदार नियमों का पालन नहीं करते पाए गए, तो ऐसे दुकानदारों के खिलाफ 1,000 रुपए का जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। यह कदम बाजार में अनुशासन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।









