सिवनी मालवा। सिवनी मालवा तहसील मुख्यालय के पास हरदा-नर्मदापुरम मुख्य मार्ग पर ग्राम भरलाय के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। जब ग्रामीणों की सूचना के बाद भी एम्बुलेंस या कोई अन्य वाहन नहीं रुका, तब गौसेवा संकल्प सेना के सदस्यों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को अस्पताल पहुँचाया।
घटना की सूचना गौसेवा संकल्प सेना के व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा की गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई मदद नहीं पहुँची, तब गौसेवक आकाश यादव, अनिल और करण खुद एक ऑटो लेकर मौके पर पहुँचे। उन्होंने घायल युवक को उठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिवनी मालवा लेकर गए। घायल युवक हरदा का निवासी था। गौसेवकों ने न सिर्फ उसका इलाज शुरू करवाया, बल्कि उसके परिजनों को भी सूचित किया और उनके पहुँचने के बाद ही वहाँ से लौटे।
समाजसेवी और अधिवक्ता सुनील यादव ने इस परोपकारी कार्य के लिए गौसेवकों को सरकार की प्रोत्साहन योजना का लाभ दिलाने की पहल की है। उन्होंने बीएमओ शेखर रघुवंशी से चर्चा कर घायल को अस्पताल पहुँचाने वाले युवकों को सरकार द्वारा घोषित पुरस्कार दिलवाने की बात कही।
इस घटना पर गौसेवा संकल्प सेना के अध्यक्ष और सचिव कन्हैया बाथव ने कहा कि जो युवा बिना किसी स्वार्थ के समाज सेवा करते हैं, उन्हें अक्सर न तो सम्मान मिलता है और न ही पुरस्कार। उन्होंने सरकार से ऐसे युवाओं को सम्मानित करने की अपील की ताकि दूसरों को भी प्रेरणा मिल सके। यह घटना दिखाती है कि समाज सेवा की भावना आज भी युवाओं में जीवित है।









