इटारसी। जीनियस प्लेनेट एजुकेशन सोसाइटी ने हॉकी के जादूगर पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडे, जितेंद्र ओझा, कुलभूषण मिश्रा, समिति सदस्य सुनील सचान एवं संरक्षक मोहम्मद यूनिस सिद्दीकी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन पश्चात संचालक जाफर एवं मनीता सिद्दीकी द्वारा अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। सम्मान समारोह में विभिन्न खेलों में अपनी सहभागिता देने वाले खिलाड़ी, कोच एवं प्रमोटर का जीनियस प्लेनेट स्कूल सभागार में सम्मान किया।
इनका सम्मान
इस सम्मान समारोह में दीपक परदेसी को फुटबॉल, आशीष मालवीय को फुटबॉल, सुनील जैन को बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रमोटर के लिए, चेतन राजपूत को क्रिकेट में अपनी सेवायें फ्री क्रिकेट कैम्प लगाने के लिए, अश्वनी मालवीय इटारसी में तीरंदाजी को सिखाने एवं प्रमोट करने के लिए, जगदीश जुनानिया को पॉवर लिफ्टिंग के लिए, जैद खान एवं सुंदरम राजावत को हॉकी के लिए, विनीत यादव को पेरा स्पोट्र्स में गोला फेंक के लिए, समीक्षा सराठे तथा सनी सेन को हॉकी के लिए, मोती सिंह राजपूत को कबड्डी के लिए, स्कूल के स्पोर्ट टीचर कृष्णा साहू को फुटबॉल के लिए तथा कबड्डी को शानदार रूप से आयोजित करने के लिए करणी सेवा टीम का श्रीफल तथा ट्रॉफी देकर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया।
ये बोले अतिथि
समारोह को संबोधित करते हुए पंकज चौरे ने कहा कि शिक्षा में अव्वल रहने के साथ खेल में भी आगे रहें क्योंकि खिलाड़ी डिप्रेशन का शिकार नहीं होते हैं, उन्हें हारने की भी आदत होती है। आज हारने के बाद अगले दिन जीत की तैयारी में लग जाते हैं। शिवाकांत पांडे ने कहा कि स्टूडेंट्स को अपनी पढ़ाई में ज्यादा ध्यान देना चाहिए और मोबाइल से दूर रहना होगा, तभी वह अपनी शिक्षा के साथ ही खेलों पर भी ध्यान दे सकेंगे। कुलभूषण मिश्रा ने कहा कि स्कूल में शिक्षा के साथ खेलों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। जितेंद्र ओझा ने कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाडिय़ों और खेल आयोजकों का मनोबल बढ़ाते हैं। संचालन मनीता सिद्दीकी ने आभार डायरेक्टर जाफर सिद्दीकी ने किया।









