इटारसी। रतलाम में वोट अधिकार यात्रा के दौरान जीतू पटवारी पर हुए कथित हमले के विरोध में सोमवार को इटारसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जयस्तंभ चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला दहन कर बीजेपी और मोहन सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला दहन को लेकर तीखी नोकझोंक और खींचतान भी हुई। पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उसे आग लगा दी।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं से पुतला छीनकर उसे पानी डालकर बुझा दिया। कांग्रेस पार्टी ने इस घटना की घोर निंदा करते हुए मुख्यमंत्री और बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडेय और नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जैसवाल सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।









