सिवनी मालवा। शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और छात्रों के चरित्र निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1 सितंबर 2025 को ‘हमारा विद्यालय-हमारा स्वाभिमानÓ नामक एक साझा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया। सिवनी मालवा विकासखंड के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, जिला-नर्मदापुरम ने विकासखंड सिवनी मालवा में संकल्प पत्र और फ्लेक्स वितरित किए, जिससे यह कार्यक्रम सफल हो सके।
संकल्प पत्र के मुख्य बिंदु
- विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर निम्नलिखित बिंदुओं का वाचन करते हुए यह साझा संकल्प लिया
- हम अपने विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित, हरित और प्रेरणास्पद बनाए रखेंगे।
- हम विद्यालय के संसाधनों को राष्ट्र की संपत्ति मानते हुए उनका विवेकपूर्ण उपयोग और संरक्षण करेंगे।
- हम विद्यालय में ऐसा वातावरण बनाएंगे, जहां कोई भेदभाव नहीं होगा और सभी समभाव से सीखने-सिखाने के पथ पर आगे बढ़ेंगे।
- हम शिक्षा को केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र-निर्माण, आत्म-विकास और समाज-सेवा का साधन मानेंगे।
- हम इस विद्यालय को संस्कार, सेवा और समर्पण का तीर्थ मानकर इसके गौरव को बढ़ाने का निरंतर प्रयास करेंगे।
संकल्प का समापन इस दृढ़ प्रतिज्ञा के साथ हुआ ‘हमारा विद्यालय – हमारा तीर्थ है, हमारी आत्मा का अभिमान है और राष्ट्र-निर्माण का आधार है।’ कार्यक्रम को सफल बनाने जिला शिक्षा अधिकारी, नर्मदापुरम द्वारा विकासखंड नोडल अधिकारी श्याम सिंह रघुवंशी (प्राचार्य, शासकीय पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिवनी मालवा) और सहायक नोडल अधिकारी सुरेंद्र कुमार पाटिल (शासकीय नवीन हाई स्कूल, सिवनी मालवा) को नियुक्त किया गया था। विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश मनोहरे ने इस संकल्प कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।









