नर्मदापुरम। रविवार को हुई अचानक मूसलाधार बारिश से जहां हर क्षेत्र जलमग्न हो गया वहीं बाजार क्षेत्र में जल भराव की समस्या से निपटने के लिए नगरपालिका द्वारा विशेष टीम को उतारा गया। जेसीबी, पोकलेन और स्वच्छता दूतों की टीमों ने सोमवार को सुबह 06 सुबह बजे से शाम 6 बजे तक तीव्रगति से स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान नाले नालियों से भारी मात्रा में कचरा और गाद निकाला गया।
स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर बाजार क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। चैंबर्स को हटाकर उनकी सफाई कराई गई। इस दौरा नाले नालियों से भारी मात्रा में पालिथिन, थर्माकोल तथा प्लास्टिक की वस्तुएं निकाली गई जो नाले नालियों के जल निकासी मार्ग में फंसकर जल भराव की समस्या उत्पन्न कर रही थी।
फर्सियां गिरकर फंसी
श्री तिवारी ने बताया कि सोमवार जब स्वच्छता अभियान चलाया गया तो नाले नालियों में लगी फर्सियां गिरकर फंस गई थी जिन्हें जेसीबी की मदद से निकाला गया और जलनिकासी की व्यवस्था की गई। लगातार हम बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। लोगों को कचरा सड़क पर न फैंकने के लिए कह रहे हैं।
दो बार बाजार में जाता है कचरा वाहन
श्री तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले द्वारा व्यापारीगणों की मांग पर बाजार क्षेत्र में दो बार कचरा वाहन भेजा जा रहा है। जिससे कि व्यापारीगणों के प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे को समुचित निपटान किया जा सके।
चला रहे हैं जागरूकता अभियान
स्वच्छता निरीक्षक श्री तिवारी ने बताया कि बाजार क्षेत्र में अमानक स्तर की पन्नी, पालिथिन और अपशिष्ठ वस्तुओं उपयोग कर डस्टबिन में रखने तथा कचरा वाहन आने पर उसी में डालने के लिए जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। साथ ही कचरा फैंकने वालों को समझाइश देने तथा जुर्माने की कार्रवाई कर रहे हैं। बाजार क्षेत्र में चल रहे स्वच्छता अभियान को लेकर व्यापारीगणों द्वारा संतुष्टी व्यक्त की जा रही है। हमारा स्वच्छता अभियान लगातार चलता रहेगा।










