इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा वार्ड क्रमांक 34, पलकमति नगर में बनाए जा रहे खेल गतिविधि केंद्र (इनडोर स्टेडियम) का निर्माण कार्य बंद हो गया है। इस पर स्थानीय नागरिकों ने गहरी नाराजी जताते हुए मंगलवार को सामूहिक रूप से एसडीएम टी प्रतीक राव को जन सुनवाई में पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा और काम को दोबारा शुरू कराने की मांग की।
नागरिकों ने ज्ञापन में कहा
नागरिकों ने अपने ज्ञापन में बताया कि जिस जमीन पर यह इनडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है, वह पिछले करीब 25 सालों से खाली पड़ी थी। इस दौरान वहां गंदगी, कचरा, कीचड़ और झाड़-झंखाड़ जमा रहते थे, जिससे सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों की भरमार हो गई थी। इससे आस-पास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी होती थी। दशकों तक इस जमीन पर हाउसिंग बोर्ड ने कोई ध्यान नहीं दिया। लेकिन जब पहली बार नगर पालिका ने यहां खेल गतिविधि केंद्र बनाने की पहल की, तो स्थानीय लोग बहुत खुश हुए। उनका मानना था कि इससे बच्चों को खेल की सुविधाएं मिलेंगी और उनके क्षेत्र का विकास भी होगा।
काम रुकने की वजह और नागरिकों का आरोप
नागरिकों का आरोप है कि कुछ लोग झूठी अफवाहें फैलाकर और गलत दावे करके निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। वे इस जमीन पर कब्जे या अन्य उपयोग का दावा करके काम रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं। नागरिकों ने साफ किया कि यह जमीन मूल रूप से उनके क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए ही सुरक्षित थी, और यहां जो निर्माण हो रहा है, वह उनकी ही मांग और सुविधा के लिए है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यह खेल गतिविधि केंद्र बनने से बच्चों को खेलने की अच्छी सुविधा मिलेगी, युवाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा और समाज में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। नागरिकों का कहना है कि यह काम रुकना न सिर्फ उनके क्षेत्र, बल्कि पूरे शहर के खेल प्रेमियों के लिए भी एक बड़ा नुकसान है।
इस मांग का समर्थन पलकमति नगर और पुरानी इटारसी के कई महिला-पुरुषों ने किया है, इनमें वार्ड 34 के पूर्व पार्षद अभिषेक कनोजिया, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र राजू परिहार, वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष अशोक दुबे, सविता बाई, माला बाई, रामबाई, गुलशन शर्मा, सुनीता, मीना, आशा, सुमन, मोनिका, चंद्रवती, और लक्ष्मी राय सहित कई अन्य नागरिकों के नाम शामिल हैं।









