इटारसी। नगर इटारसी सरोवर में एक अनूठा और आध्यात्मिक कार्यक्रम करने के लिए चित्रकूट के रामसखा पांडेय ने नगर पालिका परिषद से अनुमति मांगी है। रामसखा पाण्डेय ने नगर पालिका परिषद इटारसी की सीएमओ को दिये एक पत्र में कहा कि वे जल पर बैठकर पूजन-पाठ करना चाहते हैं। यह अपने आप में एक अलग तरह का धार्मिक अनुष्ठान होगा, जो शहर के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
रामसखा पाण्डेय ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपे गए अपने लिखित आवेदन में बताया कि वे अपनी स्वयं की व्यवस्था और संसाधनों से यह पूजन कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि यह धार्मिक कार्यक्रम गुरुवार, 4 सितंबर 2025 को प्रात: 11 बजे से शुरू होगा और इसकी अवधि लगभग दो घंटे रहेगी। श्री पाण्डेय ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ी सभी जिम्मेदारी उनकी स्वयं की होगी।
इस अनूठे आयोजन को लेकर शहर के लोगों में काफी उत्सुकता है। यदि नगर पालिका से अनुमति मिल जाती है, तो यह पहला मौका होगा जब इटारसी सरोवर में जल के बीच कोई धार्मिक अनुष्ठान किया जाएगा।









