इटारसी। इटारसी निवासी जयशंकर कुर्मी के साथ हाल ही में एक ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है जिसमें उन्होंने 1.55 लाख रुपए गंवा दिए हैं।
घटना 5 सितंबर 2025 को हुई, जब उनकी पत्नी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को उनके रिश्तेदार का पति बताते हुए विश्वास जीता और उनसे अपने एक दोस्त के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने का अनुरोध किया। जालसाज ने कहा कि वह खुद उन्हें फोन-पे के माध्यम से पैसे भेज रहा है।
धोखाधड़ी को पुख्ता करने के लिए, उनकी पत्नी के मोबाइल पर सेंट्रल बैंक से 85,000 और 15,000 रुपए जमा होने के फर्जी संदेश आए। इन संदेशों को देखकर पीडि़त परिवार को यकीन हो गया कि पैसे उनके खाते में आ चुके हैं। इसके बाद, जालसाज के कहने पर जयशंकर कुर्मी ने अपने दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1.55 लाख रुपए की राशि एक क्रेडिट कार्ड नंबर पर ट्रांसफर कर दी।
पैसे ट्रांसफर करने के बाद, जब उन्हें यह एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है, तो उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस में की। जयशंकर कुर्मी ने साइबर सेल से अज्ञात अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनके पैसे वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।









