इटारसी। शहर के प्रतिष्ठित जीनियस प्लानेट स्कूल में शिक्षक दिवस को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के संचालक मो. जाफर सिद्दीकी और प्राचार्य मनीता सिद्दीकी ने सरस्वती पूजन और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के म्यूजिकल ग्रुप की सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की शानदार प्रस्तुति से हुई। इसके बाद कक्षा नर्सरी से लेकर 12वीं तक के बच्चों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। हर वर्ष की तरह इस साल भी हाउस-वाइज शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सुंदर और प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दीं।
स्कूल प्रबंधन ने सभी शिक्षकों को ग्रीटिंग कार्ड और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। स्कूल संचालक जाफर सिद्दीकी ने इस अवसर पर कहा कि जब बच्चे और शिक्षक मिलकर प्रस्तुतियां देते हैं, तो उनके बीच एक मजबूत बंधन बनता है। इसका लाभ यह होता है कि छात्र बिना किसी झिझक के अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अपने शिक्षकों से बात कर पाते हैं।
प्राचार्य मनीता सिद्दीकी ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि शिक्षक राम और कृष्ण जैसे शिष्य चाहते हैं, तो उन्हें स्वयं भी गुरु वशिष्ठ और संदीपनि की तरह बनना होगा। उन्होंने छात्रों से भी अपने शिक्षकों का सम्मान बनाए रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, माता-पिता और बच्चों के सही तालमेल से ही छात्रों में अच्छे संस्कार और अनुशासन रोपित किया जा सकता है, जिससे वे बड़े होकर एक अच्छे नागरिक बन सकें और देश का नाम रोशन करें। संपूर्ण कायक्रम का सफल संचालन विभिन्न कक्षाओं के बच्चों द्वारा किया गया, और इसे सफल बनाने में स्कूल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।









